जमशेदपुर(ब्यूरो)। टेल्को की रहने वाली शिल्पी अग्रवाल (शिल्पी पलसानिया) को हॉट मॉन्डे मिसेज इंडिया वल्र्ड वाइड-2022 ग्रैंड फिनाले (दुनिया भर में विवाहित भारतीय महिलाओं के लिए एक सौंदर्य प्रतियोगिता) के लिए चुना गया है। इसका आयोजन मई 2022 में सिंगापुर या दुबई में किया जाएगा। हॉट मॉन्डे मिसेज इंडिया वल्र्डवाइड 2022 के 11वें सीजन का ओरिएंटेशन 22 फरवरी को देहरादून में किया गया था। शिल्पी को ऑडिशन के आधार पर फाइनल के रूप में चुना गया है। शिल्पी ने बताया कि इससे पहले दो ऑडिशन ऑनलाइन आयोजित किए गए थे और तीसरा ऑफलाइन रांची में था, जो जनवरी 2022 में आयोजित किया गया था। शिल्पी फरवरी में ओरिएंटेशन और ग्रूमिंग सत्र के लिए देहरादून भी गई थीं और अब ग्रैंड फिनाले के लिए काफी उत्साहित हैं।

फैमिली का फुल सपोर्ट

स्वाभाविक रूप से बहुत खुशमिजाज शिल्पी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान बनाने में सहयोग करने का श्रेय अपने पति मनोज पलसानिया समेत बच्चों और अपने ससुराल तथा मायके वालों को दिया। उन्होंने कहा कि न तो मेरे पति, न ही मेरे ससुराल वालों और न ही मेरे माता-पिता ने इस कार्यक्रम में मेरे भाग लेने पर कभी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि मेरे पति ने मुझे प्रेरित किया है और मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि वे सभी मेरे आत्मविश्वास और सफलता के स्तंभ हैं, जिसके कारण मैं आज यहां तक पहुंच पाई। शिल्पी ने बताया कि अपनी पहचान बनाने के लिए उसने पिछले लगभग 9-10 माह में 30 किलो वजन कम किया है। उन्होंने योगा की शिक्षा भी प्राप्त की है। योगा रोजाना करती हैं और कई विवाहित महिलाओं को योगा सिखा भी रही हैं।

दुनिया में असंभव कुछ नहीं

शिल्पी का यह संदेश देना है कि इस दुनिया में असंभव कुछ भी नहीं। हम वो सब कर सकते हैं, जो हम सोच सकते हैं और हम वो सब सोच सकते हैं, जो आज तक हमने नहीं सोचा। मालूम हो कि पेजेंट मिसेज इंडिया वल्र्डवाइड 2022 का आयोजन विवाहित महिलाओं, जो पेशेवर मॉडल नहीं हैं, को सफल फैशन आइकॉन में बदलने और उन्हें एक पेशेवर और एक उद्यमी के रूप में अपनी पहचान स्थापित करने में मदद करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है। इस आयोजन का एक और आकर्षण यह है कि चयनित प्रतियोगी एक विदेशी अंतरराष्ट्रीय स्थान की विशेष यात्रा पर जाएंगे, जहां उन्हें उद्योग के शीर्ष विशेषज्ञों द्वारा तैयार किया जाएगा।