CHAKRADHARPUR: जमकर खेलें। कोई हारेगा, तभी तो कोई जीतेगा। इसलिए सारे बच्चे जीतने के लिए खेलो। ¨जदगी में बहुत सारे टेंशन हैं। उठकर चलना ही ¨जदगी है। खेल से भी हम सीखते हैं। इसलिए उठो। चलो। अच्छा रिजल्ट करो। अच्छा पढ़ें और अच्छा खेलें। जीवन का लक्ष्य तय करें। पर्यावरण की सुरक्षा करें। पौधे लगाएं। पुराने भवन को तोड़कर पांच-छह नए भवन बनाए जाएंगे। ये बातें बतौर मुख्य अतिथि कोल्हान यूनिवर्सिटी (केयू) की वीसी डॉ शुक्ला मोहांति ने जवाहरलाल नेहरू कॉलेज चक्रधरपुर की मेजबानी में शनिवार को कोल्हान विश्वविद्यालय के द्वितीय इंटर कॉलेज ताइक्वांडो टूर्नामेंट के उद्घाटन सत्र में कही।

आठ कॉलेज ले रहे हिस्सा

इसके पूर्व दो दिवसीय टूर्नामेंट का उद्घाटन वीसी ने झंडोत्तोलन एवं दीप जलाकर किया। साथ ही ताइक्वांडो के आफिशियल्स एवं खिलाडि़यों से परिचय प्राप्त किया। केयू में दूसरी बार हो रहे इस टूर्नामेंट में आठ अंगीभूत एवं मान्यताप्राप्त कॉलेज हिस्सेदारी कर रहे हैं। पहले दिन महिला एवं पुरूष वर्ग में विभिन्न किलोभार वर्ग में स्पर्धा हुए। उद्घाटन सत्र में केयू के प्रोक्टर डॉक्टर एके झा, कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉक्टर अरूण कुमार, खेल प्रभारी प्रोफेसर एके त्रिपाठी, ताइक्वांडो के नेशनल मास्टर सह पश्चिमी सिंहभूम जिला ताइक्वांडो संघ के महासचिव अनुराम शर्मा, डॉ एके ओझा, डॉ पी सियोल, डॉ गीता सोय समेत विभिन्न प्रतिभागी कॉलेजों के टीम मैनेजर एवं कोच मौजूद रहे। टूर्नामेंट का समापन सह पारितोषिक वितरण रविवार को होगा।

सुमित महतो ने जीता गोल्ड

टूर्नामेंट के पहले दिन कई महिला पुरूष श्रेणी वर्ग के किलोभार में कई स्पर्धा हुए। अंडर 54 किलो वर्ग में जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय के सुमित महतो ने स्वर्ण पदक जीता। जबकि एबीएम कालेज जमशेदपुर के विजय चक्रवर्ती ने रजत पदक जीता। वहीं सिंहभूम कालेज चांडिल के बलराम तांती तृतीय व टाटा कालेज चाईबासा के अमर सिंह तुबिद चतुर्थ स्थान पर रहे।

ये कर रहे रेफरीशिप

दो दिवसीय टूर्नामेंट में अंतरराष्ट्रीय रेफरी अमर बाउरी अपनी सेवा दे रही हैं। जबकि राष्ट्रीय रेफरी राहुल बाउरी, राजेश कुमार, भवानी कुमार एवं चक्रधरपुर के शांतनु महतो भी रेफरीशिप कर रहे हैं। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में रेफरी की महत्वपूर्ण भूमिका है।

नेहरू जी को दी श्रद्धांजलि

कालेज आगमन पर महाविद्यालय परिसर में अवस्थित देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर वीसी डॉक्टर शुक्ला मोहांति एवं प्रोक्टर डॉक्टर एके झा ने श्रद्धासुमन अर्पित किया। इसके बाद जेएलएन कालेज की एनसीसी कैडेट्स ने वीसी को सलामी दी। वहीं वीसी एवं प्रोक्टर ने विभिन्न कालेजों से आए खिलाडि़यों से भी बारी-बारी से परिचय प्राप्त किया और उन्हें बेहतर तरीके से खेलने के लिए प्रोत्साहित किया।

खेल का डेमो दिखाया

उद्घाटन सत्र में खेल शुरू होने से पूर्व अतिथियों को खेल का डेमो दिखाया गया। रश्मि पुरती, याना सोय एवं अन्य खिलाडि़यों ने ताइक्वांडो के खेल का प्रदर्शन कर अपनी क्षमता एवं दक्षता का प्रदर्शन किया। इनके प्रदर्शन देख अतिथि एवं दर्शक अभिभूत हुए।