छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: जमशेदपुर पुलिस का फिर एक खौफनाक चेहरा सामने आया है। सोनारी थाना के एएसआई आरके महतो ने शराब के नशे में मुखबिरी करने से मना करने पर दो प्राइवेट गार्ड दीपक कुमार ठाकुर और संतोष कर्मकार की जमकर धुनाई की और उन्हें जख्मी कर दिया। घटना मंगलवार की रात सोनारी के ईस्ट सी स्थित निर्मल भवन के एक नव निर्मित फ्लैट पर घटी। इसके बाद स्थानीय युवकों ने सोनारी बीजेपी मंडल के नेतृत्व में एएसआई के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर एसएसपी अनूप टी मैथ्यू के ऑफिस के समक्ष प्रदर्शन किया।

यह है पूरा मामला

गार्ड दीपक ठाकुर ने बताया कि मंगलवार की रात वो और उसका साथी संतोष कर्मकार निर्मल भवन में ड्यूटी पर तैनात थे। रात के करीब एक बजे सोनारी थाना पुलिस की गाड़ी निर्मल भवन के पास पहुंची। दीपक का आरोप है कि इस दौरान नशे से धुत एएसआई ने उन्हें पुलिस के लिए मुखबिरी करने को कहा। मना करने पर दोनों की लाठी से जमकर पिटाई की। इस दौरान दोनों गार्ड एएसआई के आगे गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन उन्होंने उनकी एक न सुनी। एएसआई जब दोनों को मारते-मारते थक गए, तब जाकर प्राइवेट गा‌र्ड्स को छोड़ा। इतना ही नहीं जाते-जाते एएसआई ने मुखबिरी नहीं करने पर दोबारा धुनाई करने की बात कही।

लोगों को दी जानकारी

सुबह होने पर पीडि़त गा‌र्ड्स ने पूरे मामले की जानकारी स्थानीय युवकों को दी। इसके बाद सोनारी बीजेपी मंडल के सदस्यों को नेतृत्व में दोनों गार्ड एसएसपी ऑफिस पहुंचे और एएसआई पर कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों का भी आरोप है कि सोनारी थाना के एएसआई आरके महतो रोज रात को नशे में रहते हैं और किसी भी युवक को पकड़ उसकी पिटाई कर देते हैं। इससे स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है।