रांची (ब्यूरो)। रांची नगर निगम क्षेत्र की सभी सड़क नालियों का निर्माण कराया जाएगा। दुर्गा पूजा और सभी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने यह निर्णय लिया है। प्रत्येक वार्ड में 41 लाख रुपए से सड़क-नाली की रिपेयरिंग कराई जाएगी। करीब 21 करोड़ की राशि से रांची नगर निगम क्षेत्र की विभिन्न सड़क और नाली को दुरुस्त किया जाएगा। 53 वार्डों में मूलभूत नागरिक सुविधाएं बहाल करने के लिए 21.73 करोड़ की राशि प्रस्तावित की गई है। प्रत्येक वार्ड में करीब 41 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। जिस मुहल्ले या कालोनियों की सड़क या नाली खराब है, इस राशि से उसकी रिपेयरिंग कराई जाएगी। प्रत्येक वार्ड में पीसीसी पथ निर्माण मद में 30 लाख रुपए और नाली समेत अन्य बुनियादी सुविधाएं बहाल करने के लिए 11 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। त्योहारों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। नगर आयुक्त का कहना है कि जल्द ही इस दिशा में टेंडर जारी करके काम शुरू किया जाएगा। बदहाल सड़क और गंदगी को लेकर दैनिक जागरण आईनेक्स्ट ने प्रमुखता से छापी थी खबर।

कॉलोनी की सड़कें बदहाल

मुहल्ले या कॉलोनियों की सड़कों का हाल इन दिनों काफी बुरा है। हर इलाके में सड़क जर्जर हो चु़की है। दैनिक जागरण आईनेक्स्ट लगातार सड़क और नाली का मुद्दा उठाता रहा है। हालांकि, अब निगम की ओर से सड़क-नाली दुरुस्त करने की पहल की जा रही है। सड़क निर्माण होने से वार्ड क्षेत्र में रहने वाले लोगों को पहुंच पथ और नाली नहीं होने समेत अन्य तरह की बदहाली से राहत मिलेगी। नगर निगम के अधिकारियों की मानें तो अगले दो दिनों में टेंडर निकालकर काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद पीसीसी पथ, नाली निर्माण समेत अन्य तरह की नागरिक सुविधाओं से संबंधित निर्माण कार्य आरंभ हो जाएगा। गौरतलब हो कि पांच साल के कार्यकाल के बाद निगम बोर्ड 27 अप्रैल को भंग कर दिया गया था। बोर्ड भंग होने के चार माह बाद पहली बार बड़े पैमाने पर विकास कार्य के लिए राशि जारी की गई है। प्रशासक अमित कुमार द्वारा इसके लिए समन्वय समिति का गठन किया गया है। जो वार्ड की समस्याओं के समाधान पर अपनी रिपोर्ट पेश करेगी। समन्वय समिति में निगम के सभी अधिकारी, मुख्य अभियंता, वाटर बोर्ड समेत अन्य विभागों के अधिकारी शामिल हैं। लोगों की समस्याओं से संबंधित आवेदनों पर विचार के लिए प्रशासक की अध्यक्षता में पिछले माह 13 अगस्त को बैठक हुई थी। इसके बाद निगम क्षेत्र में विकासात्मक कार्य के लिए राशि खर्च करने की स्वीकृति प्रशासक की ओर से दी गई है।

200 आवेदनों के बाद राशि मंजूर

निगम की ओर से 53 वार्ड से जन सुविधाओं के लिए मिले 200 से अधिक आवेदनों पर विचार के बाद विकास कार्य के लिए राशि स्वीकृत हुई है। निगम के सभी वार्ड से नागरिक सुविधाओं के लिए आमजन की ओर से जन आवेदन प्राप्त हुए थे। निगम को मिले आवेदन में व्यक्तिगत एवं सामूहिक भी शामिल थे। इसके अलावा वार्ड के सुपरवाइजर और इंजीनियरिंग शाखा के जेई की ओर से मुआयना के क्रम में स्थल निरीक्षण के बाद जरूरी कार्य के लिए प्रस्ताव दिए गए थे। सभी पर गहराई से विचार के बाद आवेदनों की स्क्रूटनी की गई। इसके बाद जिस निर्माण पर कम राशि खर्च कर ज्यादा लोगों को फायदा होने वाली सुविधाओं को बहाल करने को प्राथमिकता दी गई। विशेष कर त्योहार को देखते हुए लोगों को सड़क और नाली की सुविधा तत्काल बहाल करने का निर्णय लिया गया।

हर वार्ड की स्थिति खराब

रांची नगर निगम क्षेत्र के हर वार्ड की स्थिति काफी खराब है। सड़क नाली की समस्याओं से आम नागरिक जूझ रहे हैं। लोगों का कहना है कि बारिश में हालत पहले से ज्यादा दयनीय हो चुकी है। कई वर्षोंं से सड़क और नाली निर्माण नहीं किया गया है, जिस वजह से लोगों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बीते दिनों हुई बारिश के कारण जगह-जगह जलजमाव की स्थिति अब भी बनी हुई है। हर दिन लोग दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। अब देखना यह होगा कि नगर निगम द्वारा लिये गए निर्णय का पालन कब तक होता है और कब राजधानी वासियों को बेहतर सड़क और नाली की सुविधा मिलती है।

वार्ड क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए सुविधाएं बहाल करने के काम में तेजी लाने का प्रयास किया जा रहा है। कम राशि वाली, लेकिन जरूरी काम को पूरा करने के लिए हर वार्ड के लिए बराबर-बराबर राशि की स्वीकृति मिली है। सबसे पहले सड़क और नाली दुरुस्त करने का प्रयास किया जाएगा।

-कुंवरसिंह पाहन, डीएमसी, रांची