रांची: रांची में कोरोना के नए मामलों का मिलना जारी है। रविवार को 468 मरीजों की पहचान हुई। वहीं 128 ने कोरोना को मात देते हुए विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज हासिल किया। बड़ी संख्या में वैसे लोगों ने भी कोरोना को मात दी है, जो होम आइसोलेशन में रह रहे थे। इस बीच रविवार को राज्य के सभी 24 जिलों से 1492 नए संक्रमितों की पहचान हुई। हालांकि, अच्छी बात यह है कि 1235 लोग संक्रमण से मुक्त भी हुए हैं। सबसे ज्यादा जमशेदपुर से 371 लोग संक्रमण से मुक्त हुए। इसके अलावा रामगढ़ से भी 214 लोग स्वस्थ हुए। साथ ही सरायकेला में भी 116 मरीजों ने इस बीमारी को मात दी है।

यहां से मिले नए मरीज

झारखंड में रविवार को देर रात जारी रिपोर्ट के अनुसार 1492 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई, जिसमें रांची से 468, बोकारो से 56, चतरा से 22, देवघर से 72, धनबाद से 37, दुमका से 24, पूर्वी सिंहभूम से 129, गढ़वा से 31, गिरिडीह से 20, गोड्डा से 63, गुमला से 57, हजारीबाग से 13, जामताड़ा से 8, खूंटी से 19, कोडरमा से 114, लातेहार से 7, लोहरदगा से 39, पाकुड़ से 9, पलामू से 60, रामगढ़ से 43, सहिबगंज से 10, सरायकेला से 50, सिमडेगा से 13, पश्चिमी सिंहभूम से 128 मरीज शामिल हैं। राज्य में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 71312 हो चुका है। हालांकि, अब सूबे में 13791 एक्टिव केस बचे हैं।

विशेष अभियान में मिले 156 मरीज

रांची जिले में कोविड की जांच के लिए रविवार को चले रैपिड एंटीजन टेस्ट अभियान में कोरोना के कुल 156 मरीज मिले। जिले के 19 स्थानों से लिए गए 3971 सैंपल में 3967 की जांच की गई। जांच के बाद 156 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव जबकि 3811 की नेगेटिव आई है। रांची जिला में सैंपल कलेक्शन के लिए 19 सेंटर बनाए गए थे। बाकी सैंपल की भी जांच रिपोर्ट जल्द आ जाएगी।

जांच में विकसित राज्यों से आगे

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि झारखंड कोरोना की जांच के मामले में विकसित राज्यों से आगे है। देश के 20 बड़े राज्यों में कुल संक्रमण के मामले में राज्य 19वें नंबर पर है। हम कोरोना जांच के मामले में हरियाण, पंजाब जैसे राज्यों को पछाड़ चुके हैं। कुल जांच प्रति लाख व्यक्ति में भी झारखंड देश के अव्वल राज्यों में शुमार है। यह सब लोगों के सहयोग और कोरोना योद्धाओं के अथक प्रयासों से संभव हुआ है। खतरा अभी टला नहीं है। मास्क और शारीरिक दूरी का प्रयोग अवश्य करें। सरकार सबकी सुरक्षा के लिए तत्पर है।