रांची (ब्यूरो)। फस्र्ट फेज में चार एंटी स्मोक गन की खरीदारी रांची नगर निगम करेगा। इस स्मोक गन को सबसे पहले राजधानी के सबसे ज्यादा प्रदूषित इलाकों में इस्तेमाल किया जाएगा। इन मशीनों की खासियत यह है कि यह अपने आसपास के 50 से 100 मीटर तक के दायरे में उड़ते धूल, धुएं को मिनटों में खत्म कर हवा को स्वच्छ कर देता है। राजधानी रांची से इस मशीन की शुरुआत हो रही है। आने वाले दिनों में दूसरे स्थानों पर भी इसका उपयोग किया जाएगा।

तीन करोड़ में 4 मशीनें

रांची नगर निगम चार एंटी स्मोक गन स्प्रींकल मशीन की खरीदारी कर रहा है। एक मशीन की कीमत लगभग 55 लाख रुपए है। ऐसे में चार मशीनों में करीब तीन करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। हालांकि, निगम के अधिकारियों का कहना है मशीन की खरीदारी कर ली गई है। इसे रांची की सड़कों पर उतारने की तैयारी है। गौरतलब हो कि राजधानी रांची में एक साल से एंटी स्मोक गन स्प्रींकल मशीन खरीदने की योजना बन रही है। हर बार पॉल्यूशन लेवल बढऩे पर मशीन खरीदने की योजना तैयार होती है और हर बार यह फाइलों में सिमट कर रह जाता है। इस बार यह उम्मीद लगाई जा रही है कि मार्च महीने से मशीन सड़क पर उतर जाएगी।

क्या है एंटी स्मोक गन स्प्रींकल

यह एक ऐसी मशीन है जो पानी के फुहार और बौछारों से प्रदूषण स्तर को कम करती है। एंटी स्मोक गन अति सूक्ष्म कोहरे की तरह पानी की बूंदें (10 माइक्रॉन से कम) उत्पन्न करती है। पानी की इन बूंदों को पंखे की मदद से हाई स्पीड में खुले एरिया में बौछार की जाती है। इससे हवा में मौजूद छोटे धूल कणों को यह मशीन खुद में सोख लेती है। इस मशीन को एयर पॉल्यूशन कम करने के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। यह मशीन हवा में फैले धूल कण को मिनटों में खत्म कर देता है। मशीन की रेंज करीब सौ मीटर तक है। इस दायरे में उड़ती हुई धूल को स्मोक गन मिनटों में खत्म कर देता है। ऐसे इलाके जहां दिन भर धूल उड़ती रहती है या ऐसी जगह जहां पर धुंध जमा हो जाती है। उस जगह पर इस गन को खड़ा करके पानी की फुहार ऊपर की ओर फेंकी जाती है। पानी अधिकतम ऊंचाई तक जाए, इसके लिए इस वाहन में एक हाई पावर फैन व पानी की टंकी लगाई जाती है।

सिटी में बढ़ रहा पॉल्यूशन लेवल

राजधानी रांची की आबोहवा दिनोंदिन खराब हो रही है। पॉल्यूशन लेवल भी बढ़ता जा रहा है। एंटी स्मोक गन से राजधानी में पॉल्यूशन लेवल डाउन होगा और फिर से लोग खुली हवा में सांस लेंगे। राजधानी को क्लीन और ग्रीन सिटी बनाने के लिए रमणीक रांची योजना शुरू की गई है। शहर को स्मार्ट बनाने के लिए क्लीन और ग्रीन सिटी पर जोर दिया जा रहा है। गर्मी का मौसम भी आ चुका है। इस मौसम में धूल उडऩे से हवा का प्रदूषण स्तर बढ़ जाता है। प्रदूषण स्तर को कम करने के लिए पौधरोपण अभियान भी चलाया जा रहा है। राजधानी की एंबिएंट एयर क्वालिटी सुधारने के लिए एक लाख से अधिक पौधरोपण का लक्ष्य है।