रांची (ब्यूरो) । डीएवी बुंडू में शुक्रवार को प्रात: 400 बच्चों का चरित्र निर्माण शिविर प्रारंभ हुआ। यह त्रिदिवसीय शिविर कल रविवार तक चलेगा। कार्यक्रम में सर्वप्रथम आर्यसमाज रांची के संरक्षक सदस्य सुशीला गुप्ता, आर्य ज्ञान प्रचार समिति के प्रधान एसएल गुप्ता, आर्य ज्ञान प्रचार समिति के सचिव सह झारखंड राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान प्रेम प्रकाश आर्य और उनकी पत्नी, विद्यालय प्रबंधन कमेटी के प्रधान सुनील गुप्ता और उनकी पत्नी, आर्यसमाज रांची के प्रधान राजेन्द्र आर्य धर्म पत्नी सहित, विद्यालय प्रबंधन कमेटी के सचिव अजय आर्य के आलावे अधिकारी, अभिभावक, शिक्षक और चौथी से 10वीं तक के बच्चों ने यज्ञ में भाग लिया। यज्ञ के बाद सुशीला गुप्ता ने झंडोत्तोलन किया।

संस्कार लाने के लिए

विद्यालय के प्राचार्य दीपक कुमार ने सभी अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया। साथ ही कहा कि यह शिविर आपके अंदर नैतिकता, देश प्रेम और सही संस्कार लाने के लिए आयोजित किया गया है। सभी अधिकारियों ने विद्यालय की प्रगति और आगे बढ़ाने में सहयोग के लिए शिक्षकों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कोलकाता से पहुंचे आचार्य योगेश ने नैतिक मूल्यों पर कहा कि व्यक्ति, परिवार, समाज, राष्ट्र निर्माण से ही मानव कल्याण निहित है। पहले मैं सुधरूंगा फिर जग बदलेगा। यह सभी को याद रखना चाहिए। पटना से आए पंडित सत्यप्रकाश ने बहुत ही मनोरंजक और प्रेरणादायक भजन प्रस्तुत कर विद्यार्थियों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का संचालन रांची से आए अशोक कुमार पाठक ने किया।