-- खुद का सुरक्षा काफिला छोटा करने का आदेश दिया सीएम ने

- बोले आम आदमी को होती है परेशानी, ट्रैफिक पुलिस रखे ख्याल

- मंत्री भी नहीं लेकर चल सकेंगे लाव-लश्कर, सिर्फ एक गाड़ी होगी साथ

---------

रांची : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भ्रमण के दौरान खुद के काफिले में गाडि़यों की संख्या कम करने का निर्देश दिया है। उन्होंने सुरक्षा अधिकारियों को कहा है कि इसपर सख्ती से अमल करें। कारकेड में ज्यादा गाडि़यां होने के कारण आमलोगों को परेशानी होती है। मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि वे यातायात व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद उनके काफिले में गाडि़यों की संख्या कम करने पर माथापच्ची शुरू हो गई है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री को जेड प्लस का सुरक्षा घेरा है। उनके वाहन के आगे-पीछे कड़ा सुरक्षा घेरा होता है जिसमें सुरक्षा अधिकारी से लेकर जैमर और एंबुलेंस तक शुमार है। हालांकि रघुवर दास कम सुरक्षा तामझाम लेकर चलने के शुरू से पक्षधर रहे हैं। वे मंत्री के पद पर रहते हुए एस्कार्ट वाहन आदि का उपयोग नहीं करते थे।

मंत्री भी करेंगे अमल

अपने काफिले की गाडि़यां कम करने के निर्देश के साथ-साथ मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मातहत मंत्रियों को भी इसपर अमल करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने आदेश दिया है कि शहर में भ्रमण करते समय मंत्री अपने साथ एक सुरक्षा वाहन रखें। फिलहाल, ज्यादातर मंत्रियों के काफिले में लगभग आधा दर्जन गाडि़यां रहती हैं। कई मंत्री इससे भी ज्यादा तामझाम लेकर चलते हैं। नियम के विपरीत कई विधायक भी गाडि़यों के आगे-पीछे निजी एस्कार्ट वाहन लेकर चलते हैं।

भाजपा ने किया स्वागत

प्रदेश भाजपा ने मुख्यमंत्री रघुवर दास की घोषणा का स्वागत किया है। प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारें सादगी पसंद सरकारें हैं। पहले लाल बत्ती पर रोक और अब आम आदमी की सुविधा का ख्याल रखते हुए सुरक्षा घेरा को कम करना इस बात का प्रमाण है। इसका मकसद आम लोगों को यातायात के दौरान होने वाली परेशानी से बचाना है।

---------