रांची(ब्यूरो)। राजधानी रांची में क्राइम आउट ऑफ कंट्रोल हो चुका है। लगातार अपराधी कांड को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस के सुस्त रवैये और क्रिमिनल पर कोई कार्रवाई नहीं होने से उनका दुस्साहस बढ़ा हुआ है। दिन दहाड़े सरेराह किसी को भी गोली मारकर अपराधी फरार हो जा रहे हैं। सिटी में बीते हफ्ते भर में तीन फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें एक व्यक्ति की जान भी चली गई है। वहीं, दो लोग घायल हैं। पुलिस अब तक एक भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। पुलिस जबतक एक केस को सुलझाने की कोशिश करती है तब तक दूसरा कांड हो जाता है। अभी रातू रोड गैलेक्सिया मॉल के समीप हुए गोली बारी की पुलिस तफ्तीश ही कर रही थी कि अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित अरगोड़ा चौक के समीप एक कोयला कोराबारी पर फायरिंग हो गई।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
एक हफ्ते में तीन अलग-अलग इलाकों में हुई गोलीबारी से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। जिस इलाके में फायरिंग हुई है वहां भी पुलिस गश्ती बढ़ाई नहीं जा रही है। जबकि सिटी एसपी की ओर से सख्त निर्देश है कि हर इलाके में गश्ती में बढ़ाई जाए, बावजूद इसके लोकल थाना की ओर से इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जब कोई घट जाती है उसके बाद पुलिस दल-बल के साथ जरुर पहुंचती है, लेकिन तबतक अपराधी फरार हो चुके होते है। अरगोड़ा में हुए फायरिंग कांड में भी ऐसा ही कुछ देखने को मिला। कांड के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में व्यस्त है। हांलाकि अबतक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। लेकिन पुलिस यह दावा जरुर कर रही है कि जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
लगातार गोलीबारी से सहमे लोग
सिटी में लगातार हो रही फायरिंग से आसपास के लोग भी सहम गए हैं। जहां फायरिंग हुई है, वहां भी पुलिस पेट्रोलिंग नहीं होने से आसपास के लोग नाराज भी हैं। गैलेक्सिया मॉल के नजदीक रहने वाले लोगों ने बताया कि अपराधी खुलेआम घटना को अंजाम देकर निकल जाते हैं, लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगती। फायरिंग के अलावा चोरी और लूटकांड से भी आम जनता परेशान है। पता नहीं कब कहां किस पर गोली चल जाए। मॉल के कारोबारियों ने बताया कि राजधानी में बिजनेस मैन बिल्कुल सुरक्षित नहीं हैं। यहां अपराधियों का दुस्साहस बढ़ा हुआ है। उन्हें राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। इसलिए ऐसे लोग सिटी में खुलेआम तांडव कर रहे हैं। पुलिस को पेट्रोलिंग बढ़ाते हुए हर इलाके में मुस्तैदी सुनिश्चित करनी चाहिए।

केस 1
7 जुलाई : सुबह लगभग दस बजे बाइक सवार दो अपराधियों ने पुराना अरगोड़ा चौक पर कोयला कारोबारी रंजीत गुप्ता को बीच सड़क गोली मार दी। गोली उनके पैर में लगी, जिससे वे घायल हो गए।

केस 2
5 जुलाई : बीते हफ्ते ही जमीन कारोबारी कमल भूषण के अकाउंटेंट की गैलेक्सिया मॉल के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने संजय सिंह को उस समय गोली मारी, जब वे गाड़ी से उतरकर अपने ऑफिस जा रहे थे। ऑफिस के सामने ही बाइक से आए दो अपराधियों ने उन पर सामने से दो गोलियां चलाई।

केस 3
2 जुलाई : बरियातू थाना क्षेत्र के एदलहातू स्थित शिवशक्ति नगर में घर में सो रही महिला पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी। रात करीब 1.50 बजे घर में सो रही पिंकी सिंह नामक महिला पर फायरिंग की गई। हालांकि, महिला बाल-बाल बच गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

केस 4

13 जून : टाटीसिलवे थाना क्षेत्र स्थित माया मेडिकल स्टोर में अपराधियों ने गोली चलाई। गोली चलने से मेडिकल स्टोर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गोली किस वजह से और किसे टारगेट करते हुए चलाई गई, पुलिस फिलहाल इस बिंदू की जांच ही कर रही है। इस घटना में किसी के हताहत नहीं होने की सूचना नहीं है।

केस-5
12 जून: राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पुरानी रांची में गोलीबारी की गई। इस घटना में मो इमरान उर्फ कल्लू नामक एक व्यक्ति घायल हो गया। अपराधियों ने इमरान को पीठ में गोली मारी थी। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस अब भी उन्हें ढूंढने का प्रयत्न ही कर रही है।