रांची : निचले स्तर पर राज्य की विद्युत व्यवस्था को संभालने वाले मानव दिवस कर्मी पांच जनवरी से हड़ताल पर चले जाएंगे। कर्मियों की संस्था विद्युत सप्लाई तकनीकी श्रमिक संघ ने मंगलवार को प्रबंधन को हड़ताल के संबंध में नोटिस दिया। इससे पूर्व संघ के सदस्य बुधवार को ऊर्जा विकास निगम मुख्यालय, धुर्वा के समक्ष धरना-प्रदर्शन करेंगे। मानव दिवस कर्मियों में लाइन मैन, स्वीच मैन, ऑपरेटर आदि शामिल हैं। इनके हड़ताल पर जाने से विद्युत व्यवस्था चरमरा सकती है। इनकी संख्या पूरे राज्य में लगभग तीन हजार है। अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि चार जनवरी के प्रदर्शन में भाग लेने के लिए राज्य के तमाम जिलों से बिजलीकर्मी आएंगे। सभी राजनीतिक दलों और ऊर्जा निगम से जुड़े श्रमिक नेताओं और प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। धरना में विधायक मनोज कुमार यादव, डॉ। इरफान अंसारी, अमित महतो, समन्वय समिति के प्रशांत चतुर्वेदी, कन्हैया सिंह, बैकुंठ नंदन सिंह, बैद्यनाथ सिंह, रामायण तिवारी, संजय सिन्हा ने भी शामिल होने पर सहमति जताई है।

आज होगी वार्ता

हड़ताल को टालने की कोशिश ऊर्जा विकास निगम कर रहा है। इस बाबत मुख्यालय में बुधवार को वार्ता के लिए श्रमिक संघ के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। संघ की मांग है कि मानव दिवस कर्मियों की सेवा नियमित की जाए और अनुबंध कर्मियों को नियुक्ति में प्राथमिकता के साथ तमाम सुविधाएं दी जाए।