रांची (ब्यूरो) । विमेंस कॉलेज, रांची की प्राचार्या डॉ सुप्रिया के निर्देशन में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एक की प्रोग्राम ऑफिसर डॉ कुमारी उर्वशी, इकाई दो की प्रोग्राम ऑफिसर डॉ कुमारी भारती सिंह, इकाई तीन की प्रोग्राम ऑफिसर डॉ हर्षिता सिन्हा ने रांची विश्वविद्यालय राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक के आदेशानुसार आज पर्यावरण संरक्षण की शपथ, जागरूकता रैली, भाषण प्रतियोगिता, पोस्टर बनाओ प्रतियोगिता रांची विमेंस कॉलेज के आट्र्स ब्लॉक के सभागार में आयोजित किया। प्रोग्राम ऑफिसर्स तथा कार्यकर्ताओं ने शपथ लिया कि मैं ईश्वर को साक्षी मानते हुये निष्ठापूर्वक शपथ लेती हूं, कि मैं वनों, वन्यप्राणियों एवं पर्यावरण के संरक्षण हेतु अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दूंगी। मैं स्वयं अपने घर एवं खेत में वृक्ष लगाऊं गी एवं उनको संरक्षित भी करूंगी। शपथ ग्रहण समारोह के बाद भाषण प्रतियोगिता को संबोधित करते हुए डॉ कुमारी उर्वशी ने कहा कि हम अपने चारों ओर के वातावरण को संरक्षित करें तथा उसे जीवन के अनुकूल बनाए रखें, क्योंकि पर्यावरण और प्राणी एक-दूसरे पर आश्रित हैं।

मानव के लिए खतरा

अधिक जनसंख्या, जल साइंटिफिक इश्यूज, ओजोन डिप्लेशन, ग्लोबल वार्मिंग से लेकर वनों की कटाई, डिजर्टिफिकेशन और प्रदूषण तक, ये मानव जाति के लिए गंभीर खतरा हैं। पर्यावरण संरक्षण बहुत जरूरी है। डॉ कुमारी भारती सिंह ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण करना मतलब उसका पूजन करने के समान होता है। हमारे देश में पर्वत, नदी, वायु, आग, ग्रह नक्षत्र, पेड़ पौधे यह सभी कहीं ना कहीं मानव के साथ जुड़े हुए हैं। लेकिन बढ़ते विकास के कारण इसे लगातार नुकसान पहुंच रहा है.डॉ हर्षिता सिन्हा ने कहा कि आज के समय में पर्यावरण असंतुलित हो गया है। बढ़ती आबादी, औद्योगीकरण, प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध इस्तेमाल से आज विश्व का तापमान चिंतित स्तर पर बढ़ रहा है। पोस्टर बनाओ प्रतियोगिता में अंशु कुमारी, दीक्षा कुमारी, तनिष्क मिश्रा, साक्षी सिंह,चारुबाला कुमारी, रानी कुमारी, प्रियंका भारती, अदिति कुमारी, अंजलि कुमारी, रक्षंदा नुर तथा भाषण प्रतियोगिता में दीक्षा कुमारी, अदिति कुमारी, शालिनी कुमारी, रीया रानी कुमारी, रानी महतो ने हिस्सा लिया। शपथ तथा जागरूकता रैली में लगभग 50 कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।