-मलेशिया से आई युवती की रिपोर्ट पॉजिटिव आई

-बाकी लोगों के रिपोर्ट आने का है इंतजार

कोरोना ने झारखंड में दस्तक दे दी है। हिंदपीढ़ी में रह रही मलेशिया से आयी 22 वर्षीय एक युवती कोरोना पॉजीटिव है। कोरोना पॉजीटिव के मिलते ही हिंदपीढ़ी को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। पूरे इलाके में फोर्स की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा सभी को घरों में ही रहने को कहा गया है। इतना ही नहीं जिला प्रशासन ने पूरी सिटी में लॉकडाउन को सख्ती से लागू कर दिया है। ऐसे में कोई भी बिना वजह घर से बाहर पाया जाता है तो उसपर कार्रवाई की जाएगी। बताते चलें कि 30 मार्च को हिंदपीढ़ी के मस्जिद से 24 लोगों को निकाला गया था। सभी को खेलगांव स्थित क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया था।

16 मार्च को आए थे रांची

रांची डीसी सह जिला दंडाधिकारी राय महिमापत रे ने रांची वासियों से अपील की है कि जो भी व्यक्ति 16 मार्च 2020 को दिल्ली से राजधानी एक्सप्रेस के बी1 कोच में सफर कर रांची पहुंचे हैं, वे इसकी सूचना जिला प्रशासन को दें और आवश्यक रूप से अपनी जांच कराएं। इसके अलावा वे लोग 1950 या 9431708333 पर जानकारी दे सकते हैं, जिससे की तत्काल उनकी जांच कराई जा सके।

जमात पर आए थे सभी

कोरोना की मरीज मलेशिया की रहनेवाली है। इस दौरान वह बाकी लोगों के साथ जमात पर आई थी और हिंदपीढ़ी के एक मस्जिद में रह रहे थे। सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने सभी को वहां से निकाला था। सभी को एहतियात के तौर पर खेलगांव स्थित क्वारंटाइन सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया था। वहीं सभी का सैंपल भी टेस्ट के लिए रिम्स में भेजा गया था। जहां पर सभी को सस्पेक्टेड मानते हुए कोरोना टेस्ट किया गया। मंगलवार को रिजल्ट आया तो उसमें एक का रिपोर्ट पॉजीटिव पाया गया।

22 लोगों में 17 विदेशी

बड़ी मस्जिद में रुके 22 लोगों में 17 विदेशी थे, जिन्हें जला प्रशास ने

निकाला था। 17 विदेशी मुस्लिम ब्रिटेन और मलेशिया के रहनेवाले हैं। सभी विदेशी बड़ी मस्जिद में रुके थे। वहीं उनके साथ रह रहे 2 दिल्ली, एक

हैदराबाद और 2 रांची के युवकों को भी खेलगांव स्थित क्वारेंटाइन में

शिफ्ट किया गया है। साथ ही उनकी स्थिति पर लगातार मॉनिटरिंग जारी है।

घर से बाहर न निकलें लोग

कोरोना मरीज की पुष्टि होने के बाद रांची डीसी राय महिमापत रे और एसएसपी अनीश गुप्ता ने लोगों से अपने अपने घरों में रहने की अपील की है। साथ ही कहा कि वे किसी भी हाल में अपने घरों से बाहर नहीं निकलें। वायरस के इंफेक्शन की रोकथाम के लिए लोग अपने-अपने घरों में रहें। इसके अलावा उन्होंने कहा कि किसी तरह की जानकारी या मदद की जरूरत है, तो जिला प्रशासन से संपर्क करें। लोग जिला कंट्रोल रूम में 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।

झारखंड का पहला कोरोना केस पॉजीटिव मिला है। मलेशिया से आई युवती का केस पॉजीटिव पाया गया है। उसे रिम्स के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।

बन्ना गुप्ता, स्वास्थ्य मंत्री, झारखंड