रांची (ब्यूरो)। रूफटॉप रेस्टोरेंट के संचालन के लिए ट्रेड लाइसेंस से लेकर बार लाइसेंस तक आसानी से हासिल किया जा रहा है। दरअसल, सारा खेल मैनेज का है। बिना स्पॉट वेरिफिकेशन के केवल दस्तावेजों के आधार पर लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं। नक्शा तो मांगा जा रहा है लेकिन नक्शे के साथ स्पॉट की जांच नहीं की जाती। गहराई से जांच हो तो सारा सच सामने आ जाएगा।

बड़े एरिया मे होती है पार्टी

रांची मे ज्यादातर लाउंज चार हजार स्क्वायर फीट से पांच हजार स्क्वायर फीट जगह में तैयार किये गये हैं। लाउंज एरिया को खास तौर पर पार्टी फ्रीक पब्लिक के लिए डिजाइन किया जा रहा है। जहां लोग खान-पान के साथ नाच-गा सकें। ऐसे में रूफटॉप बार एंड लाउंज में डीजे फ्लोर एंड कैरीओके के लिए जगह चिह्नित किया गया है। ड्यूप्लेक्स डिजाइन में तैयार इन लाउंज में लोगों को बर्डथे पार्टी, किट्टी पार्टी, फेयरवेल पार्टी, कॉकटेल पार्टी, बैचलर्स पार्टी, एनिवर्सिरी पार्टी और कॉर्पोरेट पार्टी का विकल्प भी मिल रहा है।

यह है नियम

किसी भी भवन की छत पर किसी भी तरह के स्ट्रक्चर (स्थायी/अस्थायी) का नक्शा पूरे भवन का नक्शा पास कराते वक्त दिखाना जरूरी होता है। लोगों ने नक्शा पास कराने के लिए छत को खाली दिखा दिया और बाद में उसपर कुछ बना डाला तो वह पूरी तरह अवैध है। बिल्डर या ओनर को इसे स्पष्ट तरीके से दिखाना जरूरी होता है कि छत पर रूफटॉप रेस्टोरेंट है या कोई और स्ट्रक्चर। बाइलॉज के अनुसार, इस एरिया को एफएआर में काउंट किया जाता है। इसके बाद नक्शा पास होता है। ऐसा नहीं होने पर सभी स्ट्रक्चर गैरकानूनी है।

हैंगआउट करते हैं युवा

रांची में युवा रूफटॉप स्पेस की तलाश कर रहे हैं, ताकि खुले आसमान के नीचे बैठ खान-पान और बातचीत का मजा ले सकें। शहर के निवेशक रेस्टोरेंट की जगह मेट्रो सिटी की तर्ज पर ड्यूप्लेक्स रूफटॉप बार एंड लाउंज तैयार कर रहे हैं। रांची के विभिन्न इलाकों में कई नये रूफटॉफ बार एंड लाउंज खुल चुके हैं। स्टैग एंड कपल इंट्री के साथ युवा इन जगहों पर पहुंच हैंगआउट करना पसंद कर रहे हैं।

20 से अधिक रूफटॉप रेस्टोंरेंट

रांची में 20 से अधिक रूफटॉप रेस्टोंरेंट फिलहाल संचालित हो रहे हैं। इनमें होटल भी शामिल हैं, जो समय की मांग को देखते हुए रूफटॉप बार एंड लाउंज को प्राथमिकता दे रहे हैं। रांची में तैयार हो रही अधिकतर कॉमर्शियल बिल्डिंग भी अपने प्लान में छत पर रेस्टोंरेंट को जगह दे रहे हैं। रूफटॉप बार एंड लाउंज मे सुबह को सामान्य हलचल के बाद शाम ढलने से लेकर रात 11 - 12 बजे तक पूरे सप्ताह भीड़ बनी हुई रहती है।

सिटी के रूफटॉप रेस्टोरेंट

निर्वाणा

सोरोस

रोड हाउस

पंजाबी किचन

धुनकी

स्काई स्केट

ग्रीका

हंगर गार्डेन

अर्बन बरावा

कोरल रिफ