रांची (ब्यूरो)। श्रीश्याम मित्र मंडल द्वारा जगतगुरु भगवान श्रीकृष्ण का 5248वां श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर्व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के रूप में 7 सितंबर गुरुवार को हरमू रोड के श्री श्याम मंदिर में भव्यता के साथ मनाया जाएगा। श्रीश्याम मित्र मंडल की कार्यकारिणी समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सुरेश सरावगी ने की। बैठक में मंडल के मंत्री गौरव अग्रवाल मोनू को जन्माष्टमी समारोह का संयोजक मनोनीत किया गया है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मंत्री सह संयोजक गौरव अग्रवाल मोनू ने बताया कि संपूर्ण मंदिर परिसर को बैलून व विभिन्न फूलों से सजाया जाएगा। सभी गर्भगृहों के बाहर भव्य सजावट की जाएगी। मोनू ने बताया की रात्रि में विशेष भजन संकीर्तन का आयोजन होगा। मंडल के सदस्यों स्थानीय गायको द्वारा सुमधुर भजनों का गायन किया जाएगा। इस अवसर पर कोलकाता से मोहिनी केडिया विशेष रूप से हरमू रोड के श्रीश्याम मंदिर पधार रही हैं जो अपने भजनों से खाटू नरेश को रिझाएंगी व भक्तों को भजनों की गंगा में डूबोएंगी। संयोजक गौरव अग्रवाल मोनू ने बताया कि भजनों का कार्यक्रम रात 12 बजे तक होगा। जन्मोत्सव आरती रात्रि 12 बजे तथा जन्मोत्सव का उत्सव विविध रूप से रात्रि 12.10 बजे से मनाया जाएगा। इसके बाद सभी भक्तों को सभी प्रकार का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

विशेष कार्यक्रम का आयोजन

जन्माष्टमी के अवसर पर राधा कृष्ण का रूप में सज धजकर आने वाले बाल गोपालो व राधा को इस वर्ष श्रीश्याम बाबा का विशेष प्रसाद सम्मान के रूप में प्रदान किया जाएगा। फूलों की सजावट के लिए दिल्ली और कोलकाता से फूल मंगवाये जा रहे हैं। अध्यक्ष सुरेश सरावगी ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व की सभी तैयारियां प्रारंभ हो गई है। कार्यकर्ताओं को जिम्मेवारी दी जा रही है। हिनू निवासी विनय प्रसाद द्वारा सभी देवी देवता के लिए नई वस्त्र पोशाक की सेवा निवेदित की जाएगी।

सुबह होगी मंगला आरती

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के दिन सुबह 5.30 बजे मंगला आरती 8.30 बजे श्रृंगार आरती 12.00 भोग आरती रात्रि 7.00 बजे ग्वाल आरती रात्रि 8.30 बजे आरती रात्रि 12.00 बजे जन्मोत्सव आरती होगी। सभी आरती का विशेष महत्व होगा। अंतिम शयन आरती रात्रि 12.30 बजे होगी। अध्यक्ष सुरेश सरावगी व संयोजक गौरव अग्रवाल मोनू ने भक्तजनों से श्री कृष्ण जन्मोत्सव में भाग लेने का निवेदन किया है।

आज 77 वां श्रीश्याम भंडारा

श्रीश्याम मित्र मंडल द्वारा हरमू रोड के श्री श्याम मंदिर में 77वां श्री श्याम भंडारा शनिवार को सांय 5 बजे से होगा। अमरेश गुप्ता प्रमोद गुप्ता परिवार के साथ श्री श्याम भंडारे की सेवा निवेदित करेंगे। अध्यक्ष सुरेश सरावगी ने भक्तजनों से भंडारे में भाग लेने का निवेदन किया है।