रांची(ब्यूरो)। राजधानी रांची का हटिया स्टेशन जल्द ही बदला-बदला नजर आएगा। हटिया स्टेशन आने वाले दिनों में स्मार्ट सिटी का मेन जंक्शन बनकर उभरेगा। दरअसल, स्मार्ट सिटी धुर्वा एचईसी की ओर बसाई जा रही है, जिसे देखते हुए हटिया स्टेशन को उसी अनुरूप डेवलप करने का निर्णय लिया गया है। पब्लिक फैसिलिटिज बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है। इस रेलवे स्टेशन को स्मार्ट सिटी से जोड़ दिया जाएगा। स्मार्ट सिटी के पीछे हटिया रेलवे यार्ड से स्टेशन तक का एरिया डेवलप किया जाएगा। यार्ड तक प्लेटफार्म भी बढ़ाए जाएंगे, जिससे स्टेशन आने वाले लोगों को एक नया रास्ता भी मिल जाएगा। स्मार्ट सिटी स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क भी डेवलप की जाएगी। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए एस्केलेटर लगाए जाएंगे। स्टेशन की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिए जाएंगे। स्टेशन के चारों ओर सोलर पैनल के साथ एलईडी लाइट भी लगाई जाएंगी।

फोरलेन बनेगी सड़क

रांची स्मार्ट सिटी पर लगातार काम चल रहा है। स्मार्ट सिटी में रहने वाले लोगों को सुविधा भी स्मार्ट दी जाएगी। इसमें रेल सुविधा भी शामिल है। लोगों को रेल की बेहतर सुविधा मिले, इसके लिए हटिया रेलवे स्टेशन का एक गेट स्मार्ट सिटी की तरफ भी खुलेगा। फिलहाल हटिया रेलवे स्टेशन पर एक गेट है। हटिया रेलवे स्टेशन का गेट तैयार करने के लिए रांची स्मार्ट सिटी कारपोरेशन ने पूरा प्रस्ताव बनाकर रेलवे को भेज दिया है। इससे जहां रांची स्मार्ट सिटी में रहने वालों को सुविधा होगी तो वहीं रेलवे की भी आमदनी में इजाफा होगा। धुर्वा गोलचक्कर के सामने से स्मार्ट सिटी जाने वाली सड़क को स्मार्ट किया जाएगा। रांची स्मार्ट सिटी कारपोरेशन स्मार्ट सिटी से एक फोर लेन सड़क हटिया रेलवे स्टेशन के प्रस्तावित गेट तक बनाई जाएगी।

दो नए प्लेटफॉर्म बनेंगे

हटिया रेलवे स्टेशन पर नागरिक सुविधाएं बढ़ाने को लेकर कवायद शुरू कर दी गयी है। रेलवे स्टेशन पर दो नये प्लेटफॉर्म नंबर 04 और 05 के निर्माण पर भी योजना तैयार हो रही है। रांची स्मार्ट सिटी में और ग्रेटर रांची में एक बडी आबादी आने वाले दिनों में रहेगी। भविष्य में मंत्री, विधायक, अधिकारियों के आवास भी इसी जगह बनेंगे। इसके अलावा सरकारी और प्राइवेट ऑफिस भी शिफ्ट होंगे। जहां लोगों का आना-जाना भी बढ़ेगा। इसे ही ध्यान में रखते हुए हटिया रेलवे स्टेशन और इसके आसपास की सड़क को डेवलप किया जाएगा।

हटिया रेलवे स्टेशन में फिलहाल काफी सुविधाएं मौजूद हैं। पब्लिक यूटिलिटी की भी बेहतर सुविधाएं हैं। आने वाले दिनों में इसे और ज्यादा दुरुस्त किया जाएगा।

-आदित्य कुमार चौधरी, सीनियर डीटीएम सह सीपीआरओ, रांची डिविजन