रांची (ब्यूरो) । गुरुवार का दिन झारखंड के महिला हॉकी खिलाडिय़ों के नाम रहा। फुटबॉल में 7 खिलाडिय़ों के चयन के बाद अब सीनियर भारतीय महिला हॉकी टीम के राष्ट्रीय कैंप के लिए आयोजित ट्रायल में झारखंड की 2 महिला हॉकी खिलाड़ी रोपनी कुमारी और अलबेला रानी टोप्पो का चयन किया गया है। साई सेंटर बेंगलुरु में सीनियर भारतीय महिला हॉकी टीम का 12 फरवरी से 26 मार्च तक राष्ट्रीय कैंप चल रहा है। इस कैंप में पूर्व से ही झारखंड की चार महिला हॉकी खिलाड़ी निक्की प्रधान, सलीमा टेटे, संगीता कुमारी, ब्यूटी डुंगडुंग शामिल है और अब हॉकी इंडिया ने हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह को पत्राचार कर झारखंड की दो और हॉकी खिलाड़ी रोपनी कुमारी और अलबेला रानी टोप्पो को इस कैंप में के लिए आमंत्रित किया है।

चयन करने लिए ट्रायल

20 मार्च से 26 मार्च तक इनका बेंगलुरू में सीनियर भारतीय महिला हॉकी टीम के राष्ट्रीय कैंप में चयन करने लिए ट्रायल चलेगा। इसमें सफल होने पर इन खिलाडिय़ों को कैंप किए चयनित कर दिया जाएगा। रोपनी कुमारी सिमडेगा जिला के ठेठईटांगर प्रखंड अंतर्गत तुकुपानी पंचायत के जामबाहर की रहने वाली है और वर्ष 2017 से लगातार झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए कई पदक जीत चुकी है। इस वर्ष गुजरात में आयोजित नेशनल गेम में भी झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी है तथा पिछले माह आंध्रप्रदेश में आयोजित 13वीं हॉकी इंडिया सीनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप 2023 कांस्य पदक विजेता झारखंड टीम के सदस्य थी।

ट्रायल के लिए आमंत्रित

इसी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के बदौलत इन्हें इस कैंप के ट्रायल के लिए आमंत्रित किया गया है। अलबेला रानी टोप्पो खूंटी जिला के गोविंदपुर गुस्सा टोली की रहने वाली है और 2014 से ही झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए कई पदक जीत चुकी है गुजरात में आयोजित नेशनल गेम्स के बाद पिछले माह आंध्रप्रदेश में आयोजित 13वीं हॉकी इंडिया सीनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप 2023 कांस्य पदक विजेता झारखंड टीम के सदस्य थी और इस प्रतियोगिता में झारखंड टीम पांच मैच खेली थी, जिसमें से 3 मैचों में अलबेला रानी टोप्पो को बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया था। इसी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के बदौलत इन्हें इस कैंप के ट्रायल के लिए आमंत्रित किया गया है।