- मंगलवार की शाम रांची पहुंचे बैस, सीएम ने एयरपोर्ट पर की अगवानी

- राजभवन के बिरसा मंडप में 10वें राज्यपाल के रूप में लेंगे शपथ

रांची : झारखंड के नवनियुक्त राज्यपाल रमेश बैस बुधवार को अपराह्न 1.20 बजे राजभवन के बिरसा मंडप में राज्य के 10वें राज्यपाल के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डा। रविरंजन उन्हें शपथ दिलाएंगे। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, तमाम मंत्री, अधिकारी आदि उपस्थित रहेंगे।

सीधे गए राजभवन

नवनियुक्त राज्यपाल मंगलवार को शाम में रांची पहुंचे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी की। उन्होंने नवनियुक्त राज्यपाल को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। एयरपोर्ट पर ही उन्हें गार्ड आफ आनर दिया गया। इस मौके पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव शैलेश कुमार सिंह, डीजीपी नीरज सिन्हा व अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। एयरपोर्ट से सीधे वे राजभवन गए, जहां उन्होंने राजभवन के सभी पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया।

रायपुर के रहनेवाले

बता दें कि रमेश बैस छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी हैं। इससे पहले वे त्रिपुरा के राज्यपाल थे। पार्षद के रूप में राजनीतिक करियर की शुरुआत करनेवाले रमेश बैस सात बार लोकसभा सदस्य रह चुके हैं। साथ ही भाजपा सरकार में कई टर्म केंद्रीय राज्य मंत्री भी रहे हैं। वे रासायनिक एवं उर्वरक, सूचना एवं प्रसारण, खान, पर्यावरण एवं वन जैसे मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। बैस अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में भी केंद्रीय राज्य मंत्री रहे हैं।

-----------