रांची(ब्यूरो)। कांटा टोली में बन रहे फ्लाईओवर के नीचे पहले की तरह दुकानें भी लगेंगी। झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी(जुडको)की ओर से ओवरब्रिज के नीचे 40 दुकानों का निर्माण किया जाएगा। इन दुकानों का निर्माण करके रांची नगर निगम को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद रांची नगर निगम इन दुकानों का अलॉटमेंट अपने तरीके से करेगा। इसके लिए रांची नगर निगम जिला प्रशासन की सहमति लेगा।

दोनों साइड बनेंगी दुकानें

कांटाटोली फ्लाईओवर का निर्माण हो जाने के बाद उसके दोनों साइड दुकानों का निर्माण किया जाएगा। यह दुकान मंगल टावर से लेकर खादगढ़ा बस स्टैंड के दोनों साइड में बनाया जाएगा .यहां जिन लोगों की जमीन गई है उन लोगों को दुकान देने में प्राथमिकता भी दी जाएगी।

अत्याधुनिक सेगमेंटल गडर प्रणाली

निर्माणाधीन कांटा टोली फ्लाईओवर अब धरातल से ऊपर आ चुका है। इस फ्लाईओवर के 10 पिलर बनकर तैयार हो गए हैं। यह पिलर शहरवासियों को दिख रहे हैं, जिससे लोगों में बेहतर ट्रैफि क व्यवस्था को लेकर आस बढ़ी है। पिछले साल कुछ बाधाओं की वजह से फ्लाईओवर के दो पिलर का ही निर्माण हो सका था। बता दें कि यह फ्लाईओवर योगदा सत्संग भवन से लेकर शांति नगर तक बनाया जा रहा है। इसकी कुल लंबाई 2240 मीटर है। फ्लाईओवर के लिए 42 पिलर बनाए जाने हैं। जुडको के अधिकारियों का कहना है कि फ्लाईओवर के लिए बाकी पिलर का निर्माण भी तय समय पर पूरा कर लिया जाएगा। पिलर बन जाने के बद फैक्ट्री से बनकर आने वाले 16-16 मीटर के सेगमेंटल गडर को पिलर पर रखा जाएगा। इसके बाद फ्लाईओवर को अंतिम रूप दिया जाना शुरू होगा। गडर चेन वाले क्रेन से पिलर पर चढ़ाया जाएगा।

नामकुम से गडर लाने में परेशानी

जुडको के अधिकारी के मुताबिक, 16 मीटर के एक गडर को फैक्ट्री से कांटा टोली लाया जाना सबसे मुश्किल काम होगा। नामकुम से 16 मीटर का गडर लाने में चौक-चौराहों पर उसे घुमाने में बहुत परेशानी आएगी। इसके बाद प्रशासन और क्षेत्र के लोगों की मदद से गडर लाकर पिलर पर चढ़ाया जाना है। अभी तक 17 पाइल कैप की कास्टिंग कर ली गई है। अधिकारियों के मुताबिक नए साल में फ्लाईओवर निर्माण का कार्य और तेजी से पूरा हो रहा है।

सात साल से हो रहा निर्माण

वर्ष 2016 से निर्माणाधीन कांटाटोली फ्लाईओवर का काम चल रहा है। साल 2024 तक अहमदाबाद की कंपनी दिनेश अग्रवाल एंड संस फ्लाईओवर का निर्माण पूरा करेगी। जुडको ने अल्पकालीन निविदा के बाद यह टेंडर दिनेश अग्रवाल को दिया है। योगदा सत्संग आश्रम बहू बाजार रांची से कांटाटोली होते हुए कोकर तक इस फ्लाईओवर का निर्माण होना है। इसकी लंबाई 2.24 किलोमीटर है। फ्लाईओवर के निर्माण पर 187.67 करोड़ रुपए खर्च होंगे। 2016 में इस फ्लाईओवर का काम कराने का निर्णय लिया गया था। इसको लेकर निविदा भी निकाली गई थी। झारखंड की मोदी कंस्ट्रक्शन को काम दिया गया था, जिसने 19 पिलर भी बनाए, पर काम पूरा नहीं हो पाया। 2020 तक फ्लाईओवर का निर्माण पूरा हो जाना चाहिए था। पहले लंबाई 1.25 थी, अब 2.24 किलोमीटर हो गई है।