रांची(ब्यूरो)। राजधानी रांची के लोगों के लिए अच्छी खबर यह है कि इस बरसात में उन्हे कांटाटोली सड़क पर जाम में फंसना नहीं पड़ेगा। जुडको की ओर से बरसात के पहले तक ब्रिज के दोनों साइड की सड़क पक्की कर दी जाएगी। जुडको के एक अधिकारी ने बताया कि हमलोगों का टारगेट है कि बरसात आने से पहले तक दोनों साइड की सड़क तैयार कर दी जाए, ताकि बरसात में लोगों को इस सड़क से आने-जाने में कोई परेशानी नहीं हो।

लांचर को रखना है पिलर पर

जुडको की ओर से सड़क का काम तेजी से इसलिए भी किया जा रहा है ताकि पिलर के ऊपर जो लांचर रखना है, वह बहुत भारी होता है। नामकुम में वह बनकर तैयार हो चुका है, उसे अब पिलर पर चढ़ाना है। लांचर को नामकुम से लेकर कांटाटोली तक लाने में सड़क खराब होने की वजह से पलट भी सकता है। इसलिए जुडको की ओर से इसे चढ़ाने से पहले पूरी सड़क दुरुस्त की जा रही है।

आकार लेने लगा ओवर ब्रिज

राजधानी में दो दशक के बाद एक साथ तीन एलिवेटेड कॉरिडोर व फ्लाईओवर का काम शुरू हुआ है। फि लहाल रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर और कांटाटोली फ्लाईओवर आकार लेने लगे हैं। सिरमटोली-मेकॉन एलिवेटेड कॉरिडोर व फ्लाईओवर का काम भी तेजी से हो रहा है। कांटाटोली फ्लाईओवर का काम सबसे तेजी से चल रहा है। यही रफ्तार रही तो इस साल के अंत तक निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। इसके लिए 44 में 43 पीयर का निर्माण हो गया है।

9 पीयर में कैपिंग की ढलाई

जल्द ही पीयर के ऊपर सेग्मेंटल बॉक्स लगाया जाएगा। नामकुम साइट पर सेग्मेंटल बॉक्स गर्डर की ढलाई शुरू हो गई है। फ्लाईओवर के दोनों ओर सर्विस रोड की मरम्मत की जा रही है। गर्डर चढ़ाने के बाद सर्विस रोड की ढलाई की जाएगी। कांटाटोली से बहूबाजार और कांटाटोली से कोकर रोड के बीच फ्लाईओवर के नीचे कुल 64 दुकानें बनाई जाएंगी। वैसे दुकानदार, जो निगम की जमीन पर बसे थे या फ्लाईओवर बनने से दुकान टूट गईं, उन्हें दुकानें दी जाएंगी।

पिस्का मोड़ से सर्ड तक 30 पीयर

रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर का काम भी युद्धस्तर पर चल रहा है। पिस्कामोड़ के आगे सर्ड तक करीब 30 पीयर का निर्माण हो गया है। पांच पीयर में कैपिंग की ढलाई भी हो गई है। एक-दो दिनों में राजभवन के गेट नंबर तीन से पहले पीयर का निर्माण शुरू होगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है।

ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

कांटाटोली फ्लाईओवर निर्माण हो जाने से शहरवासियों को जाम से बड़ी राहत मिल जाएगी। निर्माण के कारण स्टेशन रोड से लेकर कांटाटोली चौक तक लोगों को जाम में नही फंसना पड़ेगा। कांटाटोली चौक से गढ़ा टोली की ओर सर्विस लेन का निर्माण भी तेजी से हो रहा है। सड़क के दोनों किनारे पर सर्विस लेन का निर्माण हो रहा है। गौरतलब हो कि कंपनी सर्विस लेन का काम जल्द से जल्द पूरा करना चाहती है। सर्विस लेन का काम पूरा हो जाने से लोगों को भी राहत मिलेगी। वहीं कंपनी भी बीच का रास्ता बंद करके निर्माण कार्य में तेजी लाएगी। कांटाटोली फ्लाईओवर निर्माण 224 करोड़ की लागत से हो रहा है। शुरुआत में इसके निर्माण को लेकर 40 करोड़ की डीपीआर बनी थी, लेकिन धीरे-धीरे इसकी लागत बढ़कर 224 करोड़ हो गई।