रांची(ब्यूरो)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2022-23 नई कमेटी के लिए किशोर मंत्री को चैंबर का नया अध्यक्ष चुना गया है। वहीं, डॉ अभिषेक रामधीन को महासचिव चुना गया है। चैंबर की नव निर्वाचित कार्यकारिणी समिति के सदस्यों की बैठक बुधवार को चैंबर भवन में हुई। चुनाव पदाधिकारी ललित केडिया एवं पवन शर्मा ने संयुक्त रूप से नवनिर्वाचित कार्यकारिणी समिति के सभी सदस्यों को बधाई दी और वर्षभर राज्य के स्टेकहोल्डर्स के कार्यों के साथ ही राच्य हित में कार्यरत रहने को कहा।

नई कमेटी भी बन गई

झारखंड चैंबर के इस कार्यकाल के पदाधिकारियों का चयन किया गया। किशोर मंत्री को अध्यक्ष चयनित किया गया। इसी प्रकार डॉ अभिषेक रामधीन को महासचिव, आदित्य मल्होत्रा और अमित शर्मा को उपाध्यक्ष, रोहित पोद्दार और शैलेश अग्रवाल को सह सचिव तथा सुनिल केडिया को सर्वसम्मति से कोषाध्यक्ष चयनित किया गया।

यह उपस्थित रहे

बैठक में चैंबर के पूर्व अध्यक्ष सह चुनाव पदाधिकारी ललित केडिया, पवन शर्मा, निवर्तमान अध्यक्ष धीरज तनेजा, नवनिर्वाचित अध्यक्ष किशोर मंत्री, कार्यकारिणी सदस्य आदित्य मल्होत्रा, रोहित पोद्दार, ज्योति कुमारी, परेश गट्टानी, अमित शर्मा, प्रवीण लोहिया, डॉ अभिषेक कुमार रामधीन, राम बांगड़, शैलेश अग्रवाल, राहुल मारू, राहुल साबू, अनिल अग्रवाल, नवजोत अलंग, विकास विजयवर्गीय, सुनिल केडिया, मनीष सर्राफ, सोनी मेहता, रोहित अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, अनिश बुधिया और नॉर्थ छोटानागपुर प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित साहू उपस्थित थे।

व्यवसायियों के लिए उपलब्ध रहूंगा: किशोर मंत्री

नवनिर्वाचित अध्यक्ष किशोर मंत्री ने चैंबर चुनाव के दौरान राज्य के व्यापार और उद्योग जगत की ओर से प्राप्त सभी सदस्यों के सहयोग और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। यह भी कहा कि चुनाव सकारात्मक वातावरण में संपन्न कराने में चुनाव अधिकारियों और चुनाव में खड़े सभी उम्मीदवारों ने अपेक्षित सहयोग किया। इससे राज्य वासियों के बीच अच्छा संदेश गया है। साथ ही उन्होंने चैंबर को और अधिक मजबूती प्रदान कराने में सभी व्यापारियों और उद्यमियों से अपेक्षित सहयोग की अपील की। यह भी कहा कि राज्य के व्यापार और उद्योग जगत की समस्याओं के समाधान हेतु मैं और हमारी पूरी कार्यकारिणी समिति 24 घंटे उपलब्ध है, व्यापारी नि:संकोच अपनी समस्याएं हमसे साझा करें। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि निवर्तमान अध्यक्ष धीरज तनेजा के कार्यकाल में चैंबर द्वारा किये गये सभी अधूरे कार्यों को पूर्ण करने में नई कार्यकारिणी समिति अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएगी।

गणित में किशोर पास, राहुल को आठ का साथ

चैैंबर चुनाव में इस बार बड़ा उलटफेर हुआ है। जिस टीम के सबसे ज्यादा मेंबर्स जीते थे, उसकी सरकार नहीं बन पाई। दूसरी ओर, सेकेंड पोजीशन पर रही किशोर मंत्री की टीम ने चैैंबर की पूरी कार्यकारिणी पर कब्जा जमा लिया। बुधवार को अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में किशोर मंत्री को 13 वोट मिले। वहीं राहुल मारू को 08 वोट ही मिले। गौरतलब है कि चैैंबर चुनाव में टीम राहुल की जीत हुई थी। वहीं किशोर मंत्री को सबसे अधिक वोट मिले थे। चुनाव का नतीजा रविवार की देर रात आया था। इस चुनाव की 21 सदस्यीय कार्यकारिणी चुनाव में टीम राहुल के 12 प्रत्याशियों की जीत हुई थी, वहीं टीम किशोर के 9 प्रत्याशी जीते थे। इस चुनाव में किशोर मंत्री को सबसे अधिक 1910 वोट मिले थे। चुनाव में कुल 3570 सदस्यों में से 2422 ने मतदान किया था। इस उलटफेर के बाद चर्चा यह भी है कि राहुल मारू की टीम के कुछ चुने हुए सदस्य टूट गए और उन्होंने किशोर मंत्री का साथ दे दिया। यही वजह रही कि किशोर मंत्री अध्यक्ष बनने में कामयाब हुए। वहीं डॉ अभिषेक कुमार रामधीन को महासचिव चुना गया है। इस बड़े उलटफेर के साथ ही चैैंबर में पहली बार ऐसा हुआ, जब जीती हुई टीम को कार्यकारिणी की कमान नहीं मिली।