- तेजी से स्वस्थ हो रहे मरीज, नौ जिलों में रिकवरी रेट 60 फीसदी से पार

- राज्य भर में दो गर्भवती महिला सहित मिले 591 नए संक्रमित, तीन की मौत

रांची में कोविड-19 के संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। मंगलवार को जहां राज्य भर से 591 नए मरीज मिले, वहीं रांची से 103 इन्फेक्टेड लोगों की पहचान हुई। जमशेदपुर में मंगलवार को कोरोना के सबसे ज्यादा 150 मामले सामने आए, वहीं पलामू से भी 128 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इस तरह अब राज्य में कोरोना के कुल मामले 19469 हो गए हैं। मंगलवार को कोरोना से 3 की मौत की पुष्टि हुई। इनमें एक रांची, एक देवघर और एक मरीज पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के थे। इस बीच मंगलवार को राज्य भर के 21 जिलों से 682 लोगों ने कोरोना को मात दी।

रिकवरी रेट फिर बढ़ा

झारखंड में कोरोना के मरीज अब तेजी से स्वस्थ होने लगे हैं। इससे यहां स्वस्थ होने की दर एक बार फिर लगातार बढ़ रही है और वर्तमान में यह लगभग 55 फीसद पहुंच गई है। मंगलवार को भी राज्य में बड़ी संख्या में मरीज स्वस्थ हुए हैं। राज्य के नौ जिलों में अब स्वस्थ होने की दर 60 फीसद से भी अधिक हो गई है। इनमें गिरिडीह, सिमडेगा, लोहरदगा, बोकारो, देवघर, गढ़वा, हजारीबाग, जामताड़ा तथा रामगढ़ शामिल हैं।

आठ शवों का हुआ अंतिम संस्कार

रिम्स व दूसरे निजी अस्पतालों में भर्ती कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत के बाद मंगलवार को आठ शवों का अंतिम संस्कार किया गया। रिम्स के मोर्चरी से शवों को एक साथ निकाल कर एंबुलेंस से नामकुम के घाघरा पुल के समीप घाट में ले जाकर उन्हें अग्नि दी गई। शव को मोर्चरी से निकालने से पूर्व उनके परिजनों को सूचना दी गई थी। परिजन वहां पहुंचकर शव का अंतिम दर्शन किया।

अब तक 12 ने किया प्लाज्मा डोनेट

बीते 28 जुलाई को रिम्स के ब्लड बैंक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा प्लाज्मा बैंक की शुरुआत की गई थी। तब से अब तक में 12 लोगों ने प्लाज्मा डोनेट किया है और दो अब भी वे¨टग में हैं। मंगलवार तक अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती नौ गंभीर मरीजों की प्लाज्मा थेरेपी की गई। ऑर्किड अस्पताल में भर्ती 65 साल के वृद्ध इससे पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं बाकी आठ गंभीर मरीजों में तीन की जान प्लाज्मा थेरेपी के बाद भी नहीं बच सकी। इधर, प्लाज्मा थेरेपी से इलाज के बाद मेडिका अस्पताल में भर्ती दो मरीजों की स्थिति में सुधार हो रहा है। दोनों की उम्र 44 साल है।