--वीडियोग्राफी और सीसीटीवी कैमरे से नजर रखेगा प्रशासन

- 100 दंडाधिकारी और एक हजार पुलिस बल की तैनाती

- जुलूस मार्ग में सादे लिबास में तैनात होंगे जवान

रांची : रांची जिले में तीन अक्टूबर को मुहर्रम का जुलूस निकाला जाएगा। इसे लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। जुलूस के रास्ते में वीडियोग्राफी के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था की गई है। मौके पर पर्याप्त संख्या में वर्दी और सादे लिबास में मोबाइल कैमरे के साथ पुलिस जवानों को विशेष प्रशिक्षण के साथ तैनात किया गया है। दूसरी तरफ प्रशासन ने शहर के विभिन्न मार्गो का सत्यापन करा लिया है। जिला प्रशासन की टीम ने मौलाना आजाद कॉलोनी से रानी बागान, बरियातू होते हुए मोरहाबादी, हरमू, पुरानी रांची, मिलन चौक, टैक्सी स्टैंड, लोअर बाजार, चर्च रोड कर्बला चौक और कांटाटोली चौक का निरीक्षण किया था।

रैफ की तैनाती

राजधानी में विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए 100 दंडाधिकारियों के साथ शहर में एक हजार पुलिस बल एवं अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति विभिन्न चौक-चौराहों पर की गई है। रैपिड एक्शन फोर्स की टुकडि़यों को भी तैनात किया गया है। पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्ति स्थल पर समय पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है। साथ ही थानों को अपने-अपने क्षेत्र में विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है।

बंद रहेंगे कई रास्ते

नगर पुलिस अधीक्षक, रांची ने सुरक्षा कारणों से मुख्य मार्ग पर बुधिया कांप्लेक्स तथा रतन टॉकीज के बीच की सभी गलियों और उप मार्गो को बंद रखने का निर्देश दिया है। गश्ती दंडाधिकारियों को जुलूस निकालने के पूर्व मार्ग का निरीक्षण कर तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। सहायक आयुक्त उत्पाद को निर्देश दिया गया है कि मुहर्रम को लेकर निर्धारित दिन शराब दुकानों को बंद रखेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष और उप नियंत्रण कक्ष में दंडाधिकारी सहित पुलिस पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया गया है।

--