RANCHI:डोरंडा थाना क्षेत्र के हिनू स्थित आइलेक्स के समीप बुधवार को ताबड़तोड़ फाय¨रग करते हुए जमीन कारोबारी मो अलताफ को अपराधियों ने भून डाला। वह डोरंडा रहमत कालोनी का रहने वाला था, फिलहाल नगड़ी थाना क्षेत्र के नयासराय में रहता था। जमीन विवाद में ही उसकी हत्या की बात सामने आ रही है। हाल में ही डोरंडा गौस नगर की एक जमीन का विवाद स्थानीय पार्षद के पति मो रिजवान से चल रहा था। परिजनों ने पार्षद पति मो रिजवान पर ही हत्या का आरोप लगाया है। इसके अलावा भी नगड़ी, पोखरटोली, पुंदाग सहित अन्य जगहों की जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस सभी विवादों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने मामले की जांच के लिए सिटी एसपी के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया है।

पिस्टल लहराते भागे अपराधी

जानकारी के अनुसार बुधवार दिन के करीब साढ़े ग्यारह बजे अल्ताफ अपनी कार (जेएच-01ईई-0056) से हिनू चौक से डोरंडा की ओर आ रहा था। इस दौरान वह आइलेक्स के पास रुका और कार में ही इडली मंगवाकर खा रहा था। उसी समय उसकी रेकी करते हुए पीछे से आ रहे बाइक सवार दो अपराधियों ने ताबड़तोड़ फाय¨रग कर दी। करीब छह राउंड गोलियां चलने की बात सामने आ रही है। इसमें अल्ताफ को चार गोलियां लगी। मौके पर ही अल्ताफ ने दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने वाले अपराधी पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डोरंडा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे अस्पताल भेजा गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पहली जुलाई को ही हुई थी मारपीट

पार्षद पति रिजवान और अल्ताफ के बीच डोरंडा गौस नगर स्थित हुंडरू मौजा की नौ कट्ठा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। खाता संख्या 280, प्लॉट संख्या 506 की जमीन पर दोनों पक्ष दावा कर रहे थे। कब्जा के विवाद में बीते एक जुलाई को दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। इसे लेकर पार्षद पति रिजवान ने कांड संख्या 118/ 21 दर्ज कराई थी। इस मामले में पार्षद पति रिजवान अल्ताफ को गिरफ्तार करवाने में लगा हुआ था। लेकिन पुलिस ने गिरफ्तारी नहीं की। इधर, घटना के 14 दिनों के बाद अल्ताफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

नाकेबंदी के बावजूद भागे अपराधी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने रांची शहर से बाहर जाने वाले सभी रास्तों की नाकेबंदी कर चे¨कग शुरू की। हर बाइक सवार पर नजर रखी जा रही थी। इसके बावजूद अपराधी फरार होने में सफल रहे। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

परिजनों ने किया थाने का घेराव

घटना के बाद अल्ताफ के परिजन शाम के समय शव लेकर डोरंडा थाने पहुंचे और घेराव कर दिया। आक्रोशित लोग पार्षद जमीला खातून के पति मो रिजवान को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। लोगों का आरोप था कि रिजवान ने ही अल्ताफ की हत्या करवायी। मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार लिया जाएगा। इसके बाद लोग थाने से हटे।

अल्ताफ का कई लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। किस मामले में हत्या हुई, इसकी छानबीन चल रही है। अलग-अलग ¨बदुओं को खंगाला जा रहा है। जल्द ही हत्यारे पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

-सौरभ, सिटी एसपी, रांची

पार्षद बोलीं, बेड रेस्ट में हैं पति, नहीं करायी हत्या

हिनू में बुधवार को अल्ताफ की हत्या के बाद परिजन जिस रिजवान पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं, वह दरअसल बिस्तर पर है। रिम्स में सात दिनों तक चले इलाज के बाद उसे तीन दिनों पहले ही डिस्चार्ज किया गया है, जिसके बाद वह बेड रेस्ट पर है। रिजवान वार्ड नंबर 49 की पार्षद जमीला खातून के पति हैं, जिनके ऊपर 1 जुलाई को जानलेवा हमला हुआ था। इस बारे में 'दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट' ने जब उनसे संपर्क करने की कोशिश की, तो खुद पार्षद जमीला खातून ने सफाई दी। उन्होंने बताया कि रिजवान अभी बेड रेस्ट पर हैं और बातचीत करने की स्थिति में नहीं हैं।