- नेवरी-कोकर चौक-नामकुम रोड को भी बनेगा फोरलेन

- मुख्यमंत्री ने पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ की बैठक

रांची : राजधानी रांची को जाम से मुक्ति दिलाने के प्रयास पथ निर्माण विभाग ने शुरू कर दिए हैं। इस कड़ी में रांची शहर के सिरमटोली चौक से वाया राजेंद्र चौक होते हुए मेकॉन तक फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। वहीं, नेवरी-कोकर चौक-नामकुम रोड को फोर लेन बनाया जाएगा। गुरुवार को प्रोजेक्ट भवन सचिवालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को प्रस्तावित फ्लाईओवर और फोरलेड्क्षनग के बाबत प्रेजेंटेशन दिखाया गया। पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार ने पीपीटी के माध्यम से प्रस्तावित योजना की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। मुख्यमंत्री ने उक्त दोनों सड़कों एवं फ्लाईओवर के निर्माण को लेकर आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए। मौके पर मुख्य सचिव सुखदेव ड्क्षसह, मुख्यमंत्री प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव-सह-नगर विकास सचिव विनय कुमार चौबे, पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार, पथ निर्माण विभाग के अभियंता प्रमुख मुरारी भगत सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

सीधे पहुंचेंगे मेकॉन

फ्लाईओवर बनने से सिरमटोली से मेकॉन चौक पहुंचना आसान हो जाएगा। जिन्हें धुर्वा, एयरपोर्ट, हटिया रेलवे स्टेशन, हाई कोर्ट, डोरंडा कॉलेज, मेकॉन कॉलोनी जाना है वे इस फ्लाईओवर से जा सकेंगे। इससे ट्रैफिक का लोड कम हो जाएगा। अगर कडरू फ्लाईओवर को जोड़ दिया गया तो अरगोड़ा तक लोग आसानी से पहुंच सकेंगे। रांची स्टेशन उतरने वाले यात्रियों को भी सुविधा हो सकेगी।

अभी ये है परेशानी

सुजाता चौक से लेकर राजेंद्र चौक हमेशा जाम रहता है। यहां पास में गोस्सनर कॉलेज हैं। कॉलेज से बच्चे जब निकलते हैं ट्रैफिक जाम हो जाता है। सिरमटोली से मेकॉन तक फ्लाईओवर बनने से जाम से काफी हद तक निजात मिल सकेगी।

यहां लगता है जाम : सुजाता चौक, राजेंद्र चौक, वन विभाग के पास।

--