कुल पॉजिटिव - 93736

एक्टिव केस - 7617

रिकवर - 85314

मौत - 805

---------------

- रांची में फिर मिले सबसे ज्यादा 364 नए संक्रमित

- अन्य किसी जिले में 50 से ज्यादा संक्रमित नहीं

- रांची व जमशेदपुर में 400 से ज्यादा लोग हुए स्वस्थ

झारखंड में कोरोना के नए मामलों का मिलना कम हुआ है। वहीं रिकवरी के मामले बढ़े हैं। अब राज्य में रिकवरी रेट 91 फीसदी पहुंच गया है। मंगलवार को जहां राज्य भर से 701 मरीज मिले, वहीं 853 लोग स्वस्थ भी हुए। इस बीच केवल रांची में बड़ी संख्या में मरीज मिले हैं। मंगलवार को रांची में 364 नए मरीज मिले, जो किसी भी अन्य जिले के मुकाबले सर्वाधिक है। जमशेदपुर में भी मंगलवार को केवल 48 नए संक्रमितों की पहचान हुई। अच्छी खबर यह है कि रांची को छोड़ किसी जिले में 50 से ज्यादा नए संक्रमित नहीं पाए गए।

रिकवरी में दो जिले आगे

कोरोना के मरीजों के स्वस्थ होने के मामले सबसे ज्यादा रांची और जमशेदपुर में हैं। इन दोनों जिलों से लगातार सबसे ज्यादा मरीज रिकवर हो रहे हैं। मंगलवार को जहां रांची के 289 मरीज स्वस्थ हुए, वहीं जमशेदपुर में 133 लोगों ने कोरोना को मात देकर विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज हासिल किया। बड़ी संख्या में वैसे लोग भी रिकवर हुए हैं, जो होम आइसोलेशन में रहकर अपना इलाज करा रहे थे। रिकवरी रेट के मामले में झारखंड नेशनल रेट से आगे निकल चुका है। नेशनल रिकवरी रेट जहां 86.80 परसेंट है, वहीं झारखंड ने 91 फीसदी को पार कर लिया है।

कहां से मिले कितने संक्रमित

मंगलवार की रात स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़े के अनुसार 701 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई, जिसमें रांची से 364, बोकारो से 38, चतरा से 1, देवघर से 8, धनबाद से 28, दुमका से 18, पूर्वी सिंहभूम से 48, गढ़वा से 15, गिरिडीह से 5, गोड्डा से 15, गुमला से 18, हजारीबाग से 12, जामताड़ा से 15, खूंटी से 5, कोडरमा से 17, लातेहार से 17, लोहरदगा से 12, पाकुड़ से 4, पलामू से 8, रामगढ़ से 7, साहिबगंज से 5, सरायकेला से 20, सिमडेगा से 3, पश्चिमी सिंहभूम से 18 नए संक्रमितों की पहचान हुई।

85 हजार से ज्यादा स्वस्थ

राज्य में अब तक 93 हजार 736 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई है। इसमें 85 हजार 314 स्वस्थ हो चुके हैं। साथ ही 805 की मौत हुई है। इस प्रकार अब राज्य भर में 7617 एक्टिव केसेज बचे हैं। मंगलवार को राज्य भर में 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई। इसमें रांची के 4 लोगों ने दम तोड़ा। वहीं चतरा के एक और धनबाद के दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।