RANCHI:रांची में कोरोना वायरस का संक्रमण बेकाबू हो चुका है। एक दिन में साढ़े तीन सौ से ज्यादा मरीजों की पहचान हो रही है। गंभीर मरीजों के लिए बेड सुरक्षित रखने की कवायद चल रही है, जिसके तहत बिना लक्षण वाले कोविड पॉजिटिव मरीजों को होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी जा रही है। दूसरी ओर, सिटी के लोग बेफिक्र नजर आ रहे हैं। सड़कों पर खूब भीड़ उमड़ रही है। बाजार लोगों से गुलजार हैं। मास्क लगाने की कड़ाई के बावजूद 'मुंह दिखाई' में लोग कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। इस वजह से शहर में तेजी से मामले भी बढ़ने लगे हैं। आलम यह है कि महज दस दिनों के भीतर ही 251 एक्टिव केसेज बढ़कर 2000 के पार पहुंच गए हैं।

इस बार बदला है माहौल

कोरोना के फ‌र्स्ट फेज में सरकार ने जब लॉकडाउन की घोषणा की थी, तो लोग इस महामारी को गंभीरता से ले रहे थे। इस बार माहौल बदला हुआ है। लोग भीड़-भाड़ वाले इलाकों से दूरी नहीं बना रहे हैं। मेन रोड हो, रातू रोड हो या लालपुर, हर इलाके में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। सोशल डिस्टेंसिंग तो कहीं देखने को मिल ही नहीं रही है। सरकारी दफ्तर, बैंक, शैक्षणि संस्थान, हर जगह झुंड में ही लोग नजर आ रहे हैं। इससे स्थिति के विस्फोटक होने की आशंका बढ़ गई है।

ऐसे बढ़ा आंकड़ा

रांची में 25 मार्च से कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा लगातार बढ़ता गया। 25 से लेकर 29 मार्च तक 780 मामले सामने आए, वहीं 30 मार्च से पहली अप्रैल तक केवल तीन दिनों में 982 संक्रमितों की पहचान हुई। शुक्रवार की रात तक रांची में कोविड पॉजिटिव एक्टिव केसेज की संख्या 2000 से ज्यादा हो गई। यह आंकड़ा पिछले साल जुलाई-अगस्त के महीने में आए संक्रमितों के बराबर है। यानी रांची में कोरोना के मामले फिर वहीं पहुंच गए हैं, जहां 7 महीने पहले थे। दिसंबर 2020 और जनवरी 2021 में कोरोना की रफ्तार थमी थी। लेकिन, मार्च आते-आते हालात बिगड़ने लगे।

क्रिटिकल स्टेज में रांची

मार्च महीने के मध्य से दोबारा संक्रमण बढ़ने से अब रांची तथा जमशेदपुर एक बार फिर क्रिटिकल स्टेज में पहुंच चुके हैं। रांची में एक लाख की आबादी पर 56 और पूर्वी सिंहभूम में 16 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। हालांकि, अन्य जिलों में अभी एक लाख की आबादी पर दस या इससे कम एक्टिव केस हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि राज्य में एक्टिव केस की संख्या जिस रफ्तार से बढ़ रही है, उससे शीघ्र ही लगभग एक दर्जन जिले क्रिटिकल स्टेज में आ सकते हैं। पिछले साल दिसंबर के मध्य में 23 जिले तथा इस साल फरवरी में रांची सहित सभी जिले इस दायरे से बाहर निकल चुके थे। इन सभी जिलों में एक लाख की आबादी पर 15 से कम लोग ही संक्रमित थे। एक समय तो राज्य के सात जिलों में एक भी मरीज संक्रमित नहीं था।

आधे से ज्यादा एक्टिव केस रांची में

राज्य में कोरोना संक्रमण के कुल एक्टिव केस दोबारा बढ़कर 3500 से ज्यादा हो गए हैं। इनमें से आधे से अधिक एक्टिव केस सिर्फ रांची में हैं। यहां एक लाख की आबादी पर 56 लोग संक्रमित हैं। इसके बाद पूर्वी सिंहभूम जिले में 402 लोग संक्रमित हैं। यहां एक लाख की आबादी पर 16 लोग संक्रमित हैं। अन्य जिलों में एक लाख की आबादी पर संक्रमित की संख्या दस से कम है।