रांची(ब्यूरो)। झारखंड प्रदेश प्रोफेशनल्स कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष आदित्य विक्रम जायसवाल की अध्यक्षता में शनिवार को होटल आर्या में थिंक-2024 का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि झारखंड कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, प्रदेश कांग्रेस के महासचिव अजयनाथ शाहदेव उपस्थित हुए। झारखंड कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि हर व्यक्ति सबसे पहले देश का नागरिक होता है, राज्य का महत्वपूर्ण अंग होता है। कोई भी समाज बिना व्यापार और बिजनेस के मजबूत नहीं हो सकता है। राजेश ठाकुर ने कहा कि हमारी सरकार प्रोफेशनल्स के मुद्दे को लेकर काफी संजिदा है, लेकिन जो आप चाहते हैं उतने काम किसी की भी सरकार उतनी संजिदगी से नहीं कर पाई है।

सोसायटी में बैलेंस बनाती है कांग्रेस

कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि हर व्यक्ति अपने राज्य के लिए, प्रोफेशन के लिए, अपने करियर के लिए अच्छा करना चाहता है। राजनीति एक अच्छा विषय है जिसके जरिए राज्य का विकास होता है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव अजयनाथ शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक ऐसी पार्टी है जो पूरी सोसाइटी के अंदर बेहतर बैलेंस बनाती है। कांग्रेस पार्टी व्यापारियों के प्रति उतनी ही संजिदा है जितनी किसानों, मजदूरों, नौजवानों, महिलाओं को सम्मान दिलाने के प्रति है।

आदित्य विक्रम ने बताया विजन

आदित्य विक्रम ने कहा कि प्रोफेशनल कांग्रेस थिंक-2024 लक्ष्य के तहत पूरी संजीदगी के साथ काम करेगी और प्रोफेशनल्स के मुद्दों को पार्टी संगठन और सरकार के बीच समन्वय बनाकर निकारण करने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड में 27 प्रतिशत आदिवासी समाज के लोग निवास करते हैं, लेकिन व्यापार या उद्योग में इनकी सहभागिता मात्र 2.5 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि विजन 2024 में डिबेट कॉन्क्लेव हर एक शहर में होगा और जितने भी प्रोफेशनल्स हैं, उनके विचार लेकर मजबूत व्यापार और झारखंड को समृद्ध बनाने का यही उद्देश्य है विजन 2024 का।