शुक्रवार को सुबह से शाम तक 8.3 मिमी बारिश

बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान हुआ कमजोर

RANCHI: अगले 48 घंटे तक सिटी में जोरदार बारिश होगी। बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान कोमेन पहले से कमजोर जरूर हुआ है लेकिन इसका असर अभी भी बरकरार है। इसलिए बंगाल से सटे झारखंड के जिलों जमशेदपुर, धनबाद के साथ ही रांची में इसका असर रहेगा। मौसम विभाग रांची ने बताया कि कोमेन के कारण ही रांची में शुक्रवार की सुबह 8.30 बजे से लेकर शाम 5.30 बजे तक 8.3 मिलीमीटर बारिश हुई। साथ ही पिछले 24 घंटों में 9.6 मिलीमीटर बरसात रिकॉर्ड की गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान जहां 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

कभी बारिश, कभी धूप

रांची में शुक्रवार की सुबह से ही लगातार बारिश होती रही, लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद अचानक धूप निकल गई। फिर तीन बजे के बाद बारिश होने लगी। इस कारण सिटी का पूरा जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया।

मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि कोमेन डीप डिप्रेशन में तब्दील हो चुका है। इसके बावजूद भी भारी बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञानी आरके महतो का कहना है कि इसका असर रांची से ज्यादा जमशेदपुर और धनबाद में रहेगा। बारिश लगातार होने की संभावना बनी हुई है।

गुरमति समागम

सिख पंथ के आठवें पातशाही गुरु हरिकृष्ण साहिब महाराज के जन्मोत्सव पर कृष्णा नगर कॉलोनी गुरुद्वारा में प्रकाश पर्व मनाया जाएगा। मौके पर रात 8.30 से लेकर 11.30 बजे तक महान गुरमति समागम होगा। इसमें लुधियाना के रागी भाई जसवीर सिंह शामिल होंगे।