रांची(ब्यूरो)। रांची नगर निगम के साथ शहर में अपार्टमेंट और सोसायटी बनाने वाले लोगों ने नक्शा पास कराने के समय निगम को गिफ्ट डीड देने का वादा तो किया था, लेकिन अब इसे पूरा नहीं कर रहे हैं। रांची नगर निगम भी सिर्फ कागजी कार्रवाई करके चुप हो जा रहा है। रांची नगर निगम क्षेत्र में 4500 से अधिक अपार्टमेंट हैं, जिनका नक्शा नगर निगम और आरआरडीए से पास हुआ है। इनमें से करीब 2500 अपार्टमेंट ऐसे हैं, जिन्होंने गिफ्ट डीड की जमीन पर कब्जा जमा रखा है। अधिकतर अपार्टमेंट वार्ड के अंदर मोहल्लों में हैं।

बार-बार पत्र

रांची नगर निगम अपनी जमीन लेने के लिए कोशिश कर रहा है, लेकिन उसे जमीन नहीं मिल पा रही है। यह जमीन रांची नगर निगम को नक्शा पास करने के समय बिल्डर और डेवलपर द्वारा दी जाती है। अब रांची नगर निगम बिल्डर और डेवलपर को बार-बार पत्र लिख रहा है, लेकिन निगम के पत्र का बिल्डर और डेवलपर पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है।

जमीन छोडऩे का था वादा

बिल्डरों ने गिफ्ट डीड की जमीन छोडऩे का वादा किया था, लेकिन अब उसे पूरा नहीं कर रहे हैं। रांची नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि कुछ जमीनों पर पहले से ढांचा खड़ा रहता है। बिल्डर कहता है कि इसे हटा लिया जाएगा, नक्शे में भी इस बात का जिक्र रहता है कि नई इमारत बनने के बाद इस पुराने घर को तोड़ दिया जाएगा, लेकिन लोग ऐसा नहीं करते हैं।

निगम गिफ्ट करवाता है जमीन

अगर किसी इलाके में रोड कम चौड़ा है तो वहां नक्शा पास करने से पहले नगर निगम उस सड़क के लिए भवन मालिक से जमीन गिफ्ट करवाता है। ये जमीन राज्यपाल के नाम पर रहती है। अगर किसी इलाके में सड़क 10 फीट चौड़ी है। इसे 14 फीट चौड़ा होना चाहिए तो दोनों तरफ के भवन मालिकों से दो-दो फीट जमीन गिफ्ट करवाई जाती है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि लोग जमीन तो गिफ्ट कर देते हैं मगर छोड़ते नहीं हैं। इस पर कब्जा कर मकान बना लेते हैं या फिर कुछ दिन जमीन मुक्त रहती है और बाद में लोग इस पर कब्जा कर लेते हैं।

अब म्युटेशन भी देना होगा

बिल्डर्स और डेवलपर्स द्वारा रांची नगर निगम क्षेत्र में गिफ्ट डीड की जमीन की रजिस्ट्री नगर निगम को तो कर दी जाती है, लेकिन उसके बाद इसका इस्तेमाल खुद के लिए करने लगते हैं। अब रांची नगर निगम ने सभी बिल्डरों को आदेश जारी किया है कि गिफ्ट डीड की जमीन की रजिस्ट्री करने के साथ ही रांची नगर निगम के नाम से म्यूटेशन भी जमा करना होगा। उसके बाद ही कंस्ट्रक्शन कार्य शुरू कर सकते हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि नक्शा पास होने से पहले यह कार्रवाई पूरी करने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू कर सकते हैं।

पहले कब्जे में लेगा नगर निगम

बिल्डर नक्शा पास करने के समय गिफ्ट डीड की जमीन का रजिस्ट्रेशन निगम के पक्ष में कर देते हैं। लेकिन बाद में उस जमीन पर या तो चारदीवारी बना देते हैं या गेट लगा देते हैं। उसके बाद निगम उस जमीन का इस्तेमाल नहीं कर सकता है। इसलिए अब रांची नगर निगम ने यह सख्त आदेश दिया है कि गिफ्ट डीड की जमीन निगम निर्माण कार्य शुरू होने से पहले अपने कब्जे में ले लेगा, ताकि बाद में जरूरत के अनुसार सड़क की चौड़ाई या नाला निर्माण करने में इसका उपयोग किया जा सके।