रांची(ब्यूरो)। राजधानी रांची अब साफ-सुथरी होने जा रही है। शहर को जाम फ्री और सुंदर बनाने के लिए रांची नगर निगम ने पूरी प्लानिंग की है। जून महीने से ही शहर की सड़कों से लेकर चौराहों तक को सुंदर बनाया जाएगा, रांची नगर निगम की टीम ने ट्रैफिक पुलिस, वन व पर्यावरण विभाग, बिजली विभाग के साथ मिलकर शहर की सभी व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी कर रहा है।

स्ट्रीट लाइट व होर्डिंग शिफ्ट होंगे

रांची नगर निगम की विद्युत शाखा को कहा गया है कि चौक-चौराहों पर लगे ट्रैफि क पोस्ट, कैमरा और स्ट्रीट लाइट का स्थल चिन्हित कर शिफ्ट किया जाएगा। इसके अलावा चौराहों पर लगे होर्डिंग को दीवार से सटाकर शिफ्ट किया जाएगा, ताकि लेफ्ट लेन को फ्री किया जा सके। इससे वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह मिल सके।

12 जगह चिन्हित हुए

शहर के चौराहों पर जाम का कारण बन रहे खंभों को हटाने की योजना रांची नगर निगम बना रहा है। सड़कों, चौक-चौराहों के बीच बिजली के खंभों को हटाया जाएगा। नगर निगम शहर की 12 जगहों को चिन्हित किया है, जहां सालों से बीच सड़क पर बिजली के खंभे हैं। रांची की ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए रांची नगर निगम और ट्रैफिक विभाग और वन विभाग की तरफ से प्रयास चल रहा है। इसके तहत शहर के चौक-चौराहों पर लगे बिजली के खंभे और ट्रैफिक बूथों को हटाने का फैसला लिया गया है।

जेल मोड़ होगा लेफ्ट फ्री

सिटी के 12 लेफ्ट फ्री चौराहों पर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने को लेकर यह तैयारी हो रही है। निगम की ओर से यह निर्णय लिया गया है कि रांची के जेल चौक के पास लेफ्ट फ्री लेन होने के बाद भी यातायात बाधित हो रहा है और घंटों लोगों को जाम में फंसना पड़ रहा है। जेल मोड़ की बात करें तो यहां एक ही जगह पर दो बिजली के खंभे, एक ट्रैफिक बूथ और दो शहीद निर्मल महतो की मूर्तियां हैं। जेल मोड़ रांची का सबसे व्यस्त इलाकों में एक है। यहां लोगों को लम्बे समय तक जाम में फंसना पड़ता है। ऐसे में वाहनों को आने-जाने के लिए पर्याप्त जगह मिल सके, इसके लिए सड़कों का चौड़ीकरण जरूरी होगा। खंभे हटने के बाद सड़क खुलेगी और यातायात में सुधार होगा।

पेड़ भी काटे जाएंगे

शहर की बहुत सारी सड़कें इसलिए पतली हैं क्योंकि सड़कों के किनारे बड़े-बड़े पेड़ आ जा रहे हैं, जिसके कारण उनको चौड़ा नहीं किया जा रहा है। अब निगम की टीम वन व पर्यावरण विभाग के साथ मिलकर शहर के सभी इलाकों को चिन्हित कर रही है, जहां पेड़ों के कारण सड़कों पर जाम लगता है क्योंकि सड़कें चौड़ी नहीं है। वन विभाग ने यह फैसला किया है कि लालपुर से लेकर जेल मोड़ तक बीच सड़कों पर आने वाले पेड़ों को काटा जाएगा।

सिटी को जाम फ्री बनाने और सुंदर बनाने के लिए रांची नगर निगम सभी विभागों के साथ मिलकर काम कर रहा है। जल्द ही शहर को सुंदर बनाने का काम शुरू हो जाएगा। सभी विभागों के साथ मिलकर प्लान बनाया जा रहा है।

-कुंअरसिंह पाहन, डीएमसी, रांची नगर निगम