रांची: कांके थाना क्षेत्र के निर्माणाधीन कैंसर हॉस्पिटल कदमा के समीप रविवार की शाम लगभग चार बजे सुकुरहुटू से आ रही स्कार्पियो ने विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। दुर्घटना में कदमा निवासी 46 वर्षीय दुती महतो व सकुरहुटू कब्रिस्तान के समीप रहने वाले कदमा निवासी कुशल महतो 45वर्ष की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मालिक सह चालक किशोर महतो उर्फ मल्लू महतो को पकड़कर जमकर पीट दिया। पर, वह घायलावस्था में ही वहां से भाग निकला। बाद में लोगों ने सड़क जाम करने का प्रयास किया, पर पुलिसकर्मियों के समझाने के बाद माने।

लौट रहे थे घर

जानकारी के अनुसार दोनों अपनी स्टेनर बाइक पर सवार होकर अपने घर कदमा लौट रहे थे। इसी समय विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही क्रीम रंग की स्कार्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इससे घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग जुट गए और चालक को पकड़कर पीट दिया। इसी बीच वह भाग निकला। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलने के बाद कांके थानाप्रभारी नीरज कुमार सशस्त्र बल के साथ वहां पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया। इसके बाद ग्रामीण माने। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया और दोनों वाहनों को थाना लेकर आई।

ओरमांझी में खड़ी बोलेरो में ट्रक ने मारा धक्का, बच्चे की मौत, दंपती जख्मी

एनएच-33 फोरलेन में जैविक उद्यान के पास शनिवार की देर रात हुई एक सड़क दुर्घटना में थाना क्षेत्र का डहू निवासी दंपती घायल हो गए। वहीं, उनके 13 वर्षीय बेटे आर्यन अंसारी की मौत हो गई। बताया गया कि मुंसार अंसारी 35वर्ष बोलेरो जेएच05ए-0927 से एक शादी में शामिल होने गया था। उसके साथ उसकी पत्‍‌नी तसीमा खातून 27वर्ष व बेटा आर्यन भी था। लौटने के दौरान रात 12 बजे के करीब थाना क्षेत्र के सम्राट होटल को पार करते ही बोलेरो का तेल खत्म हो गया। पत्‍‌नी वाहन पर ही बैठी रही। वहीं, पिता-पुत्र बोलेरो से उतर उसके आगे खड़े होकर तेल का इंतजाम करने का प्रयास कर रहे थे। तभी रांची से रामगढ़ की ओर तेज गति से जा रहे एक 12 चक्का एलपी ट्रक जेएच0एएल-9024 ने सड़क किनारे खड़ी बोलेरो को जोरदार ठोकर मार दी। ट्रक द्वारा ठोकर मारने से सड़क पर खड़ी बोलेरो डिवाइडर पार कर सड़क की दूसरी लाइन पार कर गई। वहीं, खड़े पिता-पुत्र बोलेरो की चपेट में आ गए। इससे आर्यन अंसारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची ओरमांझी थाना पुलिस द्वारा दोनों घायलों को उपचार के लिए मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराकर दोनो वाहनों को जब्त कर लिया। बताया गया कि मृतक आर्यन अंसारी आदित्य पब्लिक स्कूल सिलदिरी में कक्षा पांच में पढ़ता था।