-- लार्ज आउटब्रेक के हॉट स्पॉट में शामिल हो गया रांची जिला

रांची : झारखंड में अब कोरोना के लगातार नए मरीज मिल रहे हैं। शुक्रवार को रांची के तीन लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। ये सभी हिंदपीढ़ी के हैं। इसी के साथ झारखंड में अब कोराना मरीजों की संख्या बढ़कर 32 हो गई है। रांची की बात करें तो यहां कोरोना पीडि़तों की संख्या 17 तक पहुंच गई है। इस तरह, झारखंड का यह जिला पहली बार लार्ज आउटब्रेक के हॉट स्पॉट (रेड जोन) जिले में शामिल हो गया है। अभी तक झारखंड का एक भी जिला इस कैटेगरी में नहीं आया था। रांची जिला अभी तक क्लस्टर के साथ हॉट स्पॉट की श्रेणी में था। 15 से अधिक मरीज होने पर किसी जिले को लार्ज आउटब्रेक वाले हॉट स्पॉट जिले में शामिल कर लिया जाता है।

रांची में शुक्रवार को मिले तीनों नए मरीज भी हिंदपीढ़ी के ही रहनेवाले हैं। अब तक राजधानी में पॉजिटिव पाए गए सभी मरीज इसी इलाके के हैं। दस्तावेज में नए मरीजों में दो का पता आजाद बस्ती दर्ज है, लेकिन दोनों आठ माह पहले ¨हदपीढ़ी शिफ्ट हो गए थे। राज्य में अबतक मिले 32 मरीजों में रांची के 17, बोकारो के नौ, हजारीबाग और गिरिडीह के दो-दो तथा धनबाद और सिमडेगा के एक-एक मरीज शामिल हैं। इनमें रांची व बोकारो में एक-एक मरीज की मौत हो चुकी है।

इधर, इन दिनों लगातार मिल रहे मरीजों की बढ़ती संख्या देख राज्य सरकार की भी चिंता बढ़ गई है। सबसे अधिक चिंता अन्य जिलों में भी संक्रमण फैलने को लेकर है। बता दें कि इस सप्ताह दो नए जिलों सिमडेगा और धनबाद में भी संक्रमण मिला। इधर, राज्य सरकार ने स्क्रीनिंग और जांच तेज कर दी है। नए मरीजों के इलाकों को लगातार सील कर उनसे संबंधित लोगों को क्वारंटाइन कर जांच कराई जा रही है।

------------------

शुक्रवार को 411 लोगों की हुई जांच

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, शुक्रवार को कुल 411 लोगों की जांच हुई। इनमें से तीन की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि 200 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। शेष की रिपोर्ट खबर लिखे जाने तक नहीं आ पाई थी।

------------------

अबतक कहां-कहां मिले मरीज

रांची : 17

बोकारो : 09

हजारीबाग : 02

गिरिडीह : 02

सिमडेगा : 01

धनबाद : 01

------------------

फैक्ट फाइल

- 3,751 लोगों के सैंपल की राज्य में अभी तक हुई है जांच, इनमें से 3,111 की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

- 95,801 लोग अभी होम क्वारंटाइन में हैं जबकि 9,493 लोग अस्पतालों में क्वारंटाइन हैं।

- 3,245 लोग दूसरे देशों से लौटे हैं जिनमें से 1,393 लोगों का आइसोलेशन पीरियड खत्म हो गया है।