>RANCHI: ख्7 सितंबर विश्व पर्यटन दिवस का दिन झारखंड की टूरिज्म पॉलिसी के लिए खास होगा। राज्य सरकार पहली बार टूरिज्म पॉलिसी जारी करने जा रही है। होटल रेडिशन ब्लू में सीएम रघुवर दास पॉलिसी को लांच करेंगे। ये बातें पर्यटन मंत्री अमर बाउरी ने कहीं। शुक्रवार को वह अपने कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे। मौके पर पर्यटन सचिव अविनाश कुमार, पर्यटन निदेशक सुचित्रा सिन्हा उपस्थित थीं।

एक्सपो में पर्यटन थीम पर प्रोग्राम

मंत्री अमर बाउरी ने बताया कि विश्व पर्यटन दिवस के दिन शहर में पर्यटन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। साथ ही मोरहाबादी मैदान में लगे एक्सपो में भी दिन भर के प्रोग्राम्स का थीम पर्यटन पर ही आधारित होगा। मेला में झारखंड के पर्यटन स्थलों की जानकारी दी जाएगी।

डेवलप होंगे टूरिस्ट प्लेस

पर्यटन नीति लागू होने के बाद झारखंड के पर्यटन स्थलों को धार्मिक और संस्कृतिक दृष्टिकोण से डेवलप किया जाएगा। धार्मिक स्थल, इको टूरिज्म, कल्चरल टूरिज्म, रूरल टूरिज्म, एडवेंचरस टूरिज्म, माइनिंग टूरिज्म को भी डेवलप किया जाएगा।

इनवेस्टर्स को मिलेंगी सुविधाएं

पर्यटन नीति के तहत पर्यटन के क्षेत्र में पूंजी निवेश करने वालों को विशेष प्रकार की छूट दी जाएगी। पूंजी निवेश और कैप्टिव पावर जेनरेशन पर कैश सब्सिडी या करों में छूट मिलेगी। पर्यटन स्थल के आसपास होटल आदि विकसित करने वालों को लग्जरी टैक्स, इंटरटेनमेंट टैक्स, होल्डिंग टैक्स आदि में छूट मिलेगी।

टूरिज्म बोर्ड का होगा गठन

पर्यटन नीति के तहत झारखंड टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (जेटीडीसी) को भी विकसित करने का प्रावधान है। पर्यटन स्थलों को विकसित करने के उद्देश्य से टूरिज्म बोर्ड का गठन किया जाएगा। सरकार टूरिज्म फैसिलिटेशन एक्ट भी बनाएगी। इसमें पर्यटन से जुडी संस्थाओं को लाइसेंस देने और उन्हे नियंत्रित करने का प्रावधान होगा। पारस नाथ और रजरप्पा में टूरिस्ट अथॉरिटी का गठन किया जाएगा।