रांची(ब्यूरो)। बिहार का फेमस जर्दालु आम खाना हो या देवघर का प्रसिद्ध पेड़ा, अब कहीं जाने की जरूरत नहीं है। रांची में एक ही छत के नीचे ये सभी चीजें मिलेंगी। जी हां, राजधानी रांची में यूनिटी मॉल खुल रहा है, जहां एक ही छत के नीचे लोग देवघर के पेड़ा से लेकर खरसावां के चिरौंजी के अलावा बिहार के जर्दालु आम, मखाना, लीची व ओडि़शा का रसगुल्ला खरीद सकेंगे। इस मॉल में झारखंड के 24 जिलों के खास उत्पादों के स्टॉल भी होंगे। वहीं, देश के सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के भी जीआइ टैगवाले उत्पादों के स्टॉल होंगे।

एचईसी इलाके में यूनिटी मॉल

रांची के ग्रेटर एरिया एचईसी में वल्र्ड ट्रेड सेंटर में यूनिटी मॉल का निर्माण कराया जाएगा। भारत सरकार की योजना को झारखंड सरकार ने स्वीकृत करते हुए उद्योग विभाग ने आदेश भी जारी कर दिया है। भारत सरकार ने स्कीम ऑफ स्पेशल असिस्टेंट के तहत देश के सभी राज्यों की राजधानी में यूनिटी मॉल निर्माण करने का फैसला लिया है। इसके लिए 5000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।

रांची में 163 करोड़ में बनेगा

झारखंड द्वारा भेजी गई डीपीआर को भारत सरकार ने स्वीकृत कर लिया है। 162.92 करोड़ की लागत से यूनिटी मॉल का निर्माण किया जाएगा। राशि का वहन भारत सरकार करेगी। इस योजना के तहत वल्र्ड ट्रेड सेंटर निर्माण के लिए जुडको की ओर से कैपिटल एरिया साइड-1 धुर्वा रांची में 3.45 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई है। इस जमीन के एक भाग पर यूनिटी मॉल का निर्माण कराया जाएगा। इस संबंध में नगर विकास विभाग से पहले ही सहमति ली जा चुकी है।

जीआई टैग वाले प्रोडक्ट होंगे

यूनिटी मॉल में जीआई टैग वाले उत्पादों के स्टॉल होंगे। इसमें राज्य के चिह्नित एक जिला-एक उत्पाद के स्टॉल होंगे। साथ ही देश के सभी राज्यों के चिह्नित एक-एक जीआइ टैग वाले उत्पाद के स्टॉल भी होंगे, जो बिक्री व प्रदर्शनी के लिए उपलब्ध रहेंगे। यहां खान-पान के अलावा हस्तशिल्प समेत अन्य उत्पाद भी उपलब्ध होंगे। यूनिटी मॉल में देशभर के अन्य राज्यों के जीआइ टैग वाले उत्पाद भी बिकेंगे। जैसे झारखंड की सोहराई व कोहबर पेंटिंग को जीआइ टैग मिला हुआ है। बिहार के जर्दालु आम, लीची व मखाना, ओडि़शा का रसगुल्ला, हिमाचल का चंबा चप्पल जैसे जीआइ टैग प्राप्त उत्पाद भी इस मॉल में रखे जाएंगे।

केंद्र ने मांगा था डिटेल्स

केंद्र सरकार के वाणिज्यकर मंत्रालय ने सभी राज्यों में यूनिटी मॉल खोलने के लिए ड्राफ्ट मांगे थे। झारखंड के उद्योग विभाग द्वारा रांची में यूनिटी मॉल खोलने का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया था। यूनिटी मॉल का निर्माण केंद्र सरकार के सहयोग से होना है। राज्य सरकार ने केंद्र सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद इस पर काम शुरू कर दिया है। यूनिटी मॉल बनाने के लिए एजेंसी चयन का काम भी शुरू कर दिया गया है।

एक जिला, एक उत्पाद योजना

एक जिला एक उत्पाद योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी। इसका उद्देश्य सभी राज्यों के हर जिले के एक उत्पाद को राष्ट्रीय पहचान देना है और स्थानीय स्तर पर ही रोजगार उपलब्ध कराना है। इस योजना के अंतर्गत आनेवाले उद्योगों को सूक्ष्म, लघु, और मध्यम श्रेणी में रखा गया है। सरकार द्वारा इन उद्योगों को लगाने पर 35 परसेंट तक की सब्सिडी भी दी जाती है। योजना के तहत राज्य के छोटे उद्यमियों, शिल्पकारों व बुनकरों को लाभ मिलेगा और उन्हें राष्ट्रीय मंच पर एक अवसर भी मिलेगा।

एक जिला एक उत्पाद चिह्नित

जिला उत्पाद

देवघर पेड़ा

दुमका पेड़ा

हजारीबाग गुड़

जामताड़ा मिर्च

खूंटी इमली

कोडरमा नींबू

लोहरदगा मधु

पाकुड़ आम

रांची अमरूद

साहिबगंज आम

सरायकेला चिरौंजी

वेस्ट सिंहभूम शरीफ ा

बोकारो कटहल

चतरा टमाटर

धनबाद आलु

गढ़वा आलू

गिरिडीह टमाटर

गोड्डा आम

गुमला हरी मिर्च

पलामू टमाटर

रामगढ़ पपीता

सिमडेगा आम