रांची (ब्यूरो)। राजधानी में खुले में कचरा फेंकने पर अब सजा का प्रावधान कर दिया गया है। सिटी में लगाए गए सीसीटीवी कैमरा से इस पर नजर रखी जा रही है। इसकी कंट्रोलिंग स्मार्ट सिटी में बने कमांड, कम्यूनिकेशन एंड कंट्रोल सेंटर से हो रहा है। इस काम मेें नगर निगम फिल्ड सुपरवाइजर भी सहयोग दे रहे हैं। ताजा जानकारी के अनुसार, नगर निगम में अलग-अलग इलाकों से करीब 470 लोगों को चिन्हित किया गया है, जो लगातार खुले में कचरा फेंकते देखे गए हैं। उन लोगों की सूची तैयार कर ली गई है। जल्द ही इन लोगों पर सख्त कार्रवाई करते हुए जुर्माना किया जाएगा। गौरतलब हो कि राजधानी रांची में सफाई का काम संभालने वाली नई कंपनी सीडीरी और जोंटा का चयन हुआ है। उसके बाद से सफाई की मॉनिटरिंग सीसीटीवी कैमरे से हो रही है।

दुकानदार भी फैला रहे कचरा

सड़क पर कचरा फैलाने वालों में सिर्फ रेसिडेंशियल ही नहीं, बल्कि बाजारों में दुकान लगाने वाले दुकानदार भी पीछे नहीं हैंं। अपर बाजार, मेन रोड, रातू रोड जैसे स्थानों पर दुकानदारों को कचरा फेंकते हुए चिन्हित किया गया है। लिस्ट में ऐसे लोगों को चिन्हित किया गया है जो आदतन सड़क पर कचरा फेंकते हैं। वहीं निगम अब इन पर सख्ती बरतते हुए कार्रवाई भी करेगा। सूची नगर निगम की इंफोर्सटमेंट टीम को दे दी गई है। जो प्रतिष्ठानों में जाकर जुर्माना वसूलेगी। गौरतलब हो कि नगर निगम क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दो-दो स्मार्ट डस्टबिन लगाई गई हैं। एक में गीला कचरा और दूसरे में सूखा कचरा डंप करना है। लेकिन लोग अब भी इस स्मार्ट डस्टबिन में कचरा फेंकने की जगह सड़क किनारे ही कूड़ा फेंक रहे हैं, जिससे सड़क पर गंदगी फैली रहती है। एक ओर रांची के सौदर्यीकरण का काम हो रहा है तो दूसरी ओर लोग गंदगी भी फैला रहे हैं। नगर निगम पूरी तरह से राजधानी को साफ सुथरा बनाने की कवायद में जुटा हुआ है। इसी कड़ी में नगर निगम ने खुले में कूड़ा-कचरा फेंकने वालों पर निगरानी तेज कर दी है। इसके लिए सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जा रही है। अब खुले में कचरा फेंकने वालों पर तीसरी आंख से भी नजर रखी जा रही है। सीसीटीवी में जो भी नियम तोड़ते हुए दिख रहा है उस पर कार्रवाई हो रही है। नगर निगम ऐसे लोगों से जुर्माना वसूल रहा है।

कंट्रोल रूम से रखी जा रही नजर

रांची में इसके लिए कमांड कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। जहां से नगर निगम के कर्मी कचरा फेंकने वालों पर पैनी नजर रखते हैं। शहर की सफाई व्यवस्था पर नजर रखने के लिए सुबह छह से दस बजे तक के फुटेज की जांच होती है। इसके लिए रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन ने शहर की विभिन्न सड़कों में 750 से अधिक कैमरे लगाए हैं। ये कैमरे 24 घंटे काम करते हैं और इन कैमरों की मॉनिटरिंग कमांड कंट्रोल रूम से की जाती है। रांची को स्मार्ट सिटी बनाने को लेकर नगर निगम ने पूरी तरह से कमर कस ली है और इसी मुहिम के तहत ये कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम की इस कवायद को आम लोगों का समर्थन नहीं मिल रहा है। निगम के पदाधिकारियों ने अपील करते हुए कहा कि जहां पर डस्टबिन लगाई गई है वहीं कचरा फेंकें। जहां डस्टबिन नहीं है उन इलाकों में डोर टू डोर कलेक्शन हो रहा है। कचरा गाड़ी जाने पर घर या दुकान का कचरा उसमें डाल दें। इधर-उधर फेंक कर अपने शहर की सूरत न बिगाड़ें।