RANCHI: गुरुवार को जहां देश भर में लोग आपसी भेदभाव को भूल कर एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगा रहे थे। वहीं, रामगढ़ के गोला थाना क्षेत्र स्थित रजवार टोला में लोगों ने तेजाब की होली खेली। इसमें क्फ् लोग बुरी तरह से झुलस गए। इनमें से नौ लोगों को रांची लाकर रिम्स भर्ती किया गया। वहीं, चार लोगों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है। रिम्स में भर्ती छह घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। शुक्रवार को क्षेत्र के विधायक व मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी ने रिम्स पहुंच कर तेजाब पीडि़तों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घायलों को हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया। मौके पर रिम्स एमओ डॉ रघुनाथ भी मौजूद थे।

रिम्स में भर्ती घायल

रिम्स के बर्न वार्ड में तेजाब पीडि़त नौ लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें सरदू साव, कालीचरण साव, रंजीत साव, फरकू साव, मनीष रजवार, टिंकू रजवार, लक्ष्मण रजवार, भानु रजवार आदि शामिल हैं। वहीं, चार अन्य लोगों का इलाज स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ही चल रहा है।

क्या है मामला

गुरुवार को होली के मौके पर सभी लोग रंग खेलने में जुटे हुए थे। इसी बीच महेश साव ने लोगों को मारपीट के लिए ललकारा। होलियाना माहौल होने के कारण दोनों ओर से युवकों ने अपना दम दिखाना शुरू कर दिया। नतीजन, मारपीट काफी बढ़ गई। तभी एक अज्ञात युवक ने आकर मारपीट कर रहे लोगों पर तेजाब फेंक दिया। धीरे-धीरे जब लोगों को शरीर में जलन महसूस होने लगी, तब लोगों को अहसास हुआ कि उनपर तेजाब फेंका गया है। आनन-फानन में सभी लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद गंभीर रूप से झुलसे लोगों को रिम्स रेफर कर दिया गया।

Posted By: Inextlive