बंटवारे के वक़्त पाकिस्तान के डेरा इस्माइल ख़ान से कई हिंदू परिवार अपने घर छोड़कर भारत आ गए थे। ये तो हुई सरहद के उस पार की बात। भारत में भी अब तक डेरा इस्माइल ख़ान के निशान मिलते हैं। डेरा से आए लोग वहां का रहन-सहन भाषा और संस्कृति भी अपने साथ ले आए थे। इनमें से कई हिंदू परिवारों के घर अब भी वहां सलामत हैं और आज भी घरों के बाहर उनके नाम लिखे हैं। लाहौर से करीब 320 किलोमीटर की दूरी पर है डेरा इस्माइल ख़ान। हिंदू परिवारों के कई घर अब तक वहां मौजूद हैं।

किसी पर 'बाबा भगवानदास' लिखा है तो किसी की छत पर अब तक वह नक्काशी है, जो बंटवारे से पहले रहने वालों की दास्तां बयां करती है।

दिल्ली के पास गुरुग्राम में रहने वाले प्रेम पिपलानी बंटवारे के वक़्त वहीं से आए थे। वह आज भी डेरा की भाषा 'सराइकी' में बात करते हैं।

प्रेम पिपलानी ने बीबीसी से बातचीत में बंटवारे के वक़्त को याद करते हुए बताया, 'बंटवारे के समय माहौल बहुत ख़राब था। एक बार मेरे ऊपर तलवार से हमला भी हुआ। बंटवारे के बाद बहुत लोग भारत आए और जिसको जहां जगह मिली, वह वहीं बस गया। मैं 50 साल जालंधर रहा और फिर गुरुग्राम आया।'

 

बंटवारे के बाद बने नए रिश्ते

बंटवारे के वक़्त जहां बहुत से लोग बिछड़े तो वहीं करीब 70 साल बाद नए रिश्ते भी बन रहे हैं। जहां प्रेम पिपलानी अपना खानदानी घर देखकर हैरान हुए, वहां उन्होंने सराइकी भाषा में बात करके लोगों को हैरान कर दिया।

डेरा इस्माइल के बुलंद इक़बाल ने बीबीसी से बातचीत में कहा, 'जब लोगों को पता चलता है कि कोई भारत से आकर यहां की भाषा 'सराइकी' बोल रहा है तो वे हैरान होते हैं। उनको अचरज इस बात का होता है कि भारत के कई लोग उनके जैसे ही हैं।'


75 साल के साथ के बाद चंद घंटों के अंतराल पर दुनिया छोड़ गया यह जोड़ा

 

बंटवारे की बात

प्रेम की तरह और भी कुछ लोग पाकिस्तान से आए और भारत को अपना घर बनाया। इनमें से बहुत से परिवार गुड़गांव में ही रहते हैं।

इनमें भी कुछ लोग सराइकी बोलते हैं। जब वे मिलते हैं तो बंटवारे की बात हो जाती है।

डेरा से आए राजकुमार बवेजा ने बताया, 'डेरा का माहौल ऐसा था कि हिंदू-मुसलमान एकसाथ रहते थे और सारे त्योहार एक साथ मनाते थे। फिर सब बदल गया और सरहदें बन गईं।'

वहीं सहदेव रत्रा ने बताया, 'हमारे परिवार के सदस्य अलग-अलग भारत आए। हम सब बिछड़ गए थे। हमें मिलने में करीब सात महीने लग गए।'

 

बेशक भारत में अब गिने-चुने लोग ही सराइकी बोलते हैं लेकिन जब कभी ये डेरावाले मिलते हैं, इसी भाषा में पुरानी यादें ताज़ा करते हैं और सराइकी के कुछ लोकगीत भी गाते हैं।

International News inextlive from World News Desk

Posted By: Chandramohan Mishra