आगरा। सुबह कोहरे से हुई, शुक्रवार दिन भर धुंध की चादर छाई रही। दोपहर में कुछ देर के लिए धूप निकली। रात में शीत लहर चलने से लोग ठिठुरते रहे। इससे तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे पहुंच गया।

गुरुवार को हुई बारिश के बाद सुबह कोहरा छा गया। ओस पड़ने के साथ ठंड भी बढ़ गई। 10 बजे के बाद तक धुंध छाई रही, दोपहर दो बजे कुछ देर के लिए धूप निकली। चार बजे के बाद फिर धुंध छा गई। रात में शीत लहर चली, अधिकतम आ‌र्द्रता 98 फीसद पहुंच गई। इससे दिन भर लोग सर्दी में ठिठुरते रहे, रात को तेज सर्द हवा चलने लगी। इससे अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री नीचे 21.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 16.4 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में 8.8 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।

आज छट जाएंगे बादल, एक दिसंबर से छाएगा कोहरा

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को बादल छट जाएंगे। एक दिसंबर से सुबह कोहरा छाएगा, पांच दिसंबर तक सुबह कोहरा छाए रहने की आशंका है। इससे न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक पहुंच सकता है। अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक रहेगा।

अस्थमा रोगियों की उखड़ने लगी सांस

सर्दी बढ़ने और धुंध छाए रहने से अस्थमा और क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) से पीडि़त मरीजों की सांस उखड़ने लगी है। एसएन के टीबी एंड चेस्ट रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ। संतोष कुमार ने बताया कि सर्दी में अस्थमा और सीओपीडी मरीजों को परेशानी होने लगती है। डॉक्टर से परामर्श लेकर दवा और इन्हेलर की डोज एडजस्ट करा लें। धुंध छाने पर घर से बाहर ना निकले।

मौसम

अधिकतम तापमान - 21.6 डिग्री

न्यूनतम तापमान - 16.4 डिग्री

24 घंटे में रिकॉर्ड हुई बारिश - 8.8 एमएम

अधिकतम आ‌र्द्रता - 98 फीसद

Posted By: Inextlive