रूस में करीब एक लाख लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। वहीं पिछले 24 घंटे में 108 लोगों की मौत हो गई है।

मॉस्को (रॉयटर्स)रूस में कोरोना वायरस मामलों की तादाद बुधवार को 100,000 के करीब पहुंच गई है। पिछले 24 घंटों में देश भर में कोरोना के 5,841 नए मामले दर्ज किए गए हैं। बता दें कि कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मार्च के अंत में अधिकांश सार्वजनिक स्थानों को बंद करने की घोषणा की थी तब से रूस में लॉकडाउन लागू है। रूस अब पुष्ट मामलों की संख्या के लिए दुनिया भर में आठवें स्थान पर है, हालांकि बाकी देशों की तुलना में रूस में कोरोना से बेहद कम मौतें हुईं हैं। देश के कोरोना वायरस संकट प्रतिक्रिया केंद्र ने बुधवार को कहा कि कोरोना का राष्ट्रव्यापी मामला अब 99,399 है। पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस से 108 लोगों की मौत हो गई है। इसी तरह, देश में अब तक कोरोना से कुल 972 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

इस महीने मामलों में हुई तेजी से वृद्धि

अधिकारियों ने इस महीने मामलों में तेजी से वृद्धि देखी है। बता दें कि रूस अब लॉकडाउन के अपने पांचवें सप्ताह में है। वहीं, तेल की कीमतों में आई गिरावट से भी देश को भारी नुकसान पहुंचने वाला है। पुतिन ने मंगलवार को टेलीविजन पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि लॉकडाउन के उपायों को अगले दो हफ्तों तक बढ़ाना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रकोप इस वक्त देश में अपनी चरम पर है। पुतिन ने कहा, 'स्थिति अभी भी बहुत कठिन है। महामारी का मुकाबला करने में हम एक नए और शायद सबसे तीव्र चरण का सामना कर रहे हैं।'

Posted By: Mukul Kumar