टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी इस समय घर में बंद हैं। देश में 21 दिनों के लॉकडाउन के चलते वह कहीं बाहर जा नहीं सकते।ऐसे में घर पर टाइम पास करने के लिए वह घास काट रहे हैं।

नई दिल्ली (एएनआई)। कोरोना के चलते देशव्यापी लॉकडाउन के बीच सभी अपने घरों में कैद हैं। आम इंसान हो या खास, सरकार के निर्देशों का सभी पालन कर रहे। इसमें टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी भी हैं। धोनी की शुक्रवार को घर में बंद एक तस्वीर सामने आई है। जिसमें वह लॉन में घास काटते दिख रहे। माही की यह तस्वीर चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने अफिशल सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट की। तस्वीर शेयर करते हुए सीएसके ने लिखा, 'धोनी का लॉन टाइम'।

Lawn time, no see!#Thala #WhistlePodu 🦁💛
PC: @SaakshiSRawat pic.twitter.com/UsWbkU6k0E

— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) April 9, 2020धोनी काफी समय से क्रिकेट से दूर

एमएस धोनी 29 मार्च को आईपीएल में क्रिकेट मैदान पर वापसी करने वाले थे। पहला मैच मुंबई में चेन्नई सुपर किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाना था। मगर एहतियात के तौर पर टूर्नामेंट को 15 अप्रैल तक के लिए टाल दिया गया। ऐसे में धोनी की वापसी का इंतजार और बढ़ गया। 38 वर्षीय धोनी वर्तमान में क्रिकेट से पूरी तरह से दूर हैं। उन्होंने आखिरी बार 2019 विश्व कप के दौरान प्रतिस्पर्धी क्रिकेट खेला था। पिछले कुछ समय में धीमे बल्लेबाजी के लिए धोनी को आलोचना का सामना करना पड़ा था। इस साल की शुरुआत में, धोनी को बीसीसीआई ने अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट खिलाडिय़ों की लिस्ट में भी जगह नहीं दी थी। बीसीसीआई ने अक्टूबर 2019 से सितंबर 2020 तक की अवधि के लिए केंद्रीय अनुबंध सूची खिलाडिय़ों की सूची जारी की थी।

माही रहे हैं बेहतरीन कप्तान

धोनी सभी प्रमुख आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाले एकमात्र कप्तान हैं। उन्होंने 50 ओवरों का वर्ल्डकप, टी 20 विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी शामिल है। यही नहीं माही के नेतृत्व के दौरान, भारत टेस्ट में नंबर वन बना था। इसके अलावा आईपीएल में वह चेन्नई सुपर किंग्स को तीन बार टूर्नामेंट जितवा चुके हैं।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari