DEHRADUN : राज्य के नये पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी ने सोमवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण करने के बाद मंगलवार को दैनिक जागरण आई नेक्स्ट के साथ खास बातचीत की। राज्य के साथ साथ हमने उनसे बातचीत में राजधानी की बड़ी समस्याओं पर खास फोकस किया। पेश हैं बातचीत के कुछ खास अंश-

प्रश्न- आपकी प्राथमिकताएं क्या होंगी?

उत्तर : पहली प्राथमिकता है कि पुलिस के पास जो पारंपरिक दायित्व हैं उन्हें पूरा किया जाए। अपराध को नियंत्रित किया जाए और सही अन्वेषण के साथ जांच कार्यो में पारदर्शिता बरती जाए।

प्रश्न : राजधानी की सबसे बड़ी समस्या है नशे का फलता फूलता कारोबार। यहां स्कूलों-कॉलेजों और हॉस्टल्स में तस्कर नशा सप्लाई कर रहे हैं। नशे की खेप आसपास के राज्यों से ही लाई जा रही है। इसे रोकने के लिए क्या रणनीति होगी?

उत्तर : आने वाले दिनों में हर जिले की समस्याओं और वहां होने वाले अपराधों की अलग-अलग समीक्षा की जाएगी। सभी जिलों में अलग-अलग समस्याएं हैं। राजधानी होने के कारण देहरादून शहर की अपनी समस्याएं हैं और दूसरे जिलों से काफी भिन्न हैं। जहां तक नशे के कारोबार का सवाल है तो इस पर पुलिस की नजर रहती है। कई लोग पकड़े भी जाते हैं, लेकिन जल्दी ही इस विषय पर अलग से समीक्षा की जाएगी। मेरा प्रयास होगा कि राजधानी के साथ ही पूरे राज्य में जहां भी इस तरह के गैरकानूनी कारोबार हो रहे हैं, उन्हें पूरी तरह से खत्म किया जाए। इसके लिए हम विशेष रणनीति पर काम करेंगे।

प्रश्न : राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है, इसे संभालने के क्या उपाय होंगे?

उत्तर : सच में ये बड़ी प्रॉब्लम है। इसके लिए अलग से संबंधित अधिकारियों के साथ बातचीत करने के लिए जल्द बैठक की जाएगी।

प्रश्न : अपराधियों को राजनीतिक समर्थन मिलता है, इस दिशा में क्या कदम उठाएंगे?

उत्तर : मैंने चार्ज संभालते ही साफ कहा था कि व्हाइट कॉलर क्राइम किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधी और उसका संरक्षक चाहे कितनी भी बड़ी अप्रोच रखते हैं, उन्हें किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

प्रश्न-आम लोगों में पुलिस के प्रति एक भय रहता है, उसे दूर करने के लिए क्या करेंगे?

उत्तर : मेरा विश्वास है कि जन सहभागिता के बिना पुलिस का काम ठीक तरह से नहीं हो सकता। यह तभी मिलेगा जब लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास होगा। मेरा पहले दिन से ही प्रयास है कि उत्तराखंड पुलिस सचमुच मित्र पुलिस बने। इस दिशा में आने वाले दिनों में काफी कुछ सकारात्मक होगा।

प्रश्न : आम लोगों से क्या कहना चाहेंगे?

उत्तर : आम जनता से अपील करूंगा कि उनकी कोई भी समस्या अथवा शिकायत हो तो बेहिचक पुलिस को बताएं। यदि उनकी समस्या पर थाने-चौकियों में विचार नहीं होता तो अधिकारियों के संज्ञान में लाएं। मैं लोगों को यह भी विश्वास दिलाना चाहता हूं कि किसी से अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। पुलिस पूरी पारदर्शिता के साथ काम करेगी।

Posted By: Inextlive