फिल्म एक्टर और निर्देशक फरहान अख्तर अपनी गर्लफ्रेंड शिबानी दांडेकर के साथ जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे। पिता जावेद अख्तर ने बताया कि फरहान 21 फरवरी को शादी करेंगे।

कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। फरहान अख्तर और शिबानी दांडेकर की शादी की अफवाहें आखिर सच साबित हुईं। इस बात की पुष्टि खुद फरहान के पिता जावेद अख्तर ने की। बॉम्बे टाइम्स के साथ हाल ही में एक इंटरव्यू में, फरहान के पिता और अनुभवी गीतकार जावेद अख्तर ने पुष्टि की कि शादी 21 फरवरी को हो रही है। उन्होंने बॉम्बे टाइम्स को बताया, "हां, शादी हो रही है। इसका जिम्मा वेडिंग प्लानर के हाथ में है।" जावेद अख्तर ने कहा कि सुरक्षा मानदंडों को ध्यान में रखते हुए, शादी में खास लोग ही शामिल होंगे।'

अभी नहीं भेजे गए इन्विटेशन
जावेद ने बॉम्बे टाइम्स से कहा, "स्थिति को ध्यान में रखते हुए यह स्पष्ट है कि हम बड़े पैमाने पर कुछ भी होस्ट नहीं कर सकते हैं। इसलिए, हम केवल कुछ लोगों को बुला रहे हैं। यह एक बहुत ही साधारण शादी होगी। खैर अभी तक तो निमंत्रण भी नहीं भेजेंगे गए हैं।" अपनी होने वाली बहू शिबानी दांडेकर के बारे में बात करते हुए, जावेद अख्तर ने कहा, "वह बहुत अच्छी लड़की है। हम सभी उसे बहुत पसंद करते हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि फरहान और वह एक-दूसरे को समझते हैं।'

2018 से कर रहे डेटिंग
शिबानी दांडेकर और फरहान अख्तर ने 2018 में डेटिंग शुरू की थी। अभिनेता ने पहले सेलिब्रिटी हेयर स्टाइलिस्ट अधुना भबानी से शादी की थी, जिनसे उनकी दो बेटियां हैं - शाक्य और अकीरा। फरहान अख्तर की आखिरी फिल्म तूफान थी, जिसे राकेश ओमप्रकाश मेहरा ने निर्देशित किया था। अभिनेता प्रियंका चोपड़ा, आलिया भट्ट और कटरीना कैफ अभिनीत जी ले जरा नामक एक फिल्म का भी निर्देशन करेंगे।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari