-इफको से रिटायर्ड अधिकारी को लगाया चूना

-एक अन्य मामले में भी लाखों रुपए की ठगी

बरेली-इफको के रिटायर्ड अधिकारी के साथ धान मिल में रुपए लगाने के नाम पर 26 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। ठग कई साल से अधिकारी को टरकाते रहे। रिटायर्ड अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। एक अन्य मामले में भी लाखों की ठगी की एफआईआर दर्ज की गई है।

धान खरीदने में लगाई रकम

आशापुरम बारादरी निवासी बलविंदर सिंह बाजवा इफको से रिटायर्ड अधिकारी हैं। वर्ष 2012 में उनकी जान पहचान दलवीर सिंह उर्फ पप्पू बाजवा से जान पहचान हुई। रिटायरमेंट के बाद वर्ष 2013 में दलवीर सिंह ने उनसे कहा कि वह हरियाणा के आसपास की मंडियों से किसानों से धान खरीदते हैं। धान राइस मिलों को सप्लाई होते हैं। उसके काफी मुनाफा होता है। आप भी इसमें रकम लगा लें। जिसके बाद उन्होंने दलवीर को कई बार में 26 लाख रुपए दे दिए। उसके बाद उन्हें कोई रुपए वापस नहीं मिले। हर बार दलवीर उन्हें कह देता कि अभी मिलों से पेमेंट नहीं हुआ है। उसके बाद दलवीर बरेली छोड़कर बदायूं जाकर रहने लगा और अब पेमेंट नहीं कर रहा है। बलविंदर सिंह ने एडीजी से मामले की शिकायत की, जिसके बाद बारादरी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।

मुर्गे लेकर हो गए फरार

नई बस्ती निवासी जलालुद्दीन मुर्गे खरीदने का काम करते हैं। जगतपुर निवासी आमिर हमजा ने 21 फरवरी को फोन पर उनसे संपर्क किया और माल की डिमांड की। उसके बाद आदिल की गारंटी पर वह माल बरेली भेज देते हैं। वह 23 फरवरी को माल लेकर आए तो आमिर और आदिल तीन पिकअप लेकर आए और 43 क्विंटल माल बीसलपुर चौराहे पर लोड कर लिया और वहां से फरार हो गए। दोनों ने उन्हें दो लाख 81 हजार रुपए का चूना लगा दिया। जलालुद्दीन की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।

Posted By: Inextlive