RANCHI मंगलवार की रात 21 वर्षीय श्रुति लता नामक एक युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। वह पंडरा बस्ती निवासी देवेंद्र सिंह की पुत्री थी। पंडरा पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है। बताया जाता है कि श्रुति लता की शादी फिक्स हो गई थी। उसे इस शादी से ऐतराज था। इस बात को लेकर घर में विवाद भी होता रहता था। मंगलवार की रात खाना खाकर लोग सोने चले गए। इसी बीच उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस बाबत पंडरा ओपी में यूडी केस दर्ज किया गया है।

कालेज जाने निकली दो सहेलियां गायब

रांची यूनिवर्सिटी की सोशियोलॉजी की स्टूडेंट कुलसुम परवीण अपने सहेली नीलू के साथ मंगलवार से लापता है। इस बाबत परिजनों ने लोअर बाजार थाने में एक सनहा दर्ज कराया है। बुधवार को परिजन फिर थाना पहुंचे और पुलिस से दोनों की बरामदगी के लिए गुहार लगाई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

क्या है मामला

जानकारी के मुताबिक, कुलसुम परवीन पत्थलकुदवा में अपने पैरेंट्स के साथ रहती थी। उसकी शादी 29 जनवरी को जमशेदपुर के एक युवक से हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद उसका पति सऊदी अरब चला गया। इसी बीच मंगलवार को दोनों सहेलियां कॉलेज का बहाना बनाकर घर से निकली, इसके बाद देर रात तक घर नहीं लौटी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने लोअर बाजार थाना में सन्हा दर्ज कराया है।

नकली लिपस्टिक-काजल जब्त

कोतवाली थाना पुलिस ने बुधवार को रंगरेज गली (दीनबंधू लेन) के तीन दुकानों क्रमश: जीएम कलेक्शन, फैंसी कलेक्शन व अप्सरा शॉप में छापेमारी की। छापेमारी के क्रम में पुलिस को इन दुकानों से नकली लिपस्टिक व काजल मिला है। पुलिस ने बताया कि बुधवार को निविया कंपनी की सर्वे ऑफिसर नयन तारा देवी ने दुकानों में नकली प्रोडक्ट बेचने की बात कहीं थी। इसके बाद पुलिस की टीम सर्वे ऑफिसर के साथ तीन दुकानों में छापेमारी करने पहुंची। छापेमारी में तीनों दुकानों से 320 पीस नकली लिपस्टिक और काजल बरामद हुआ है। इस बाबत कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Posted By: Inextlive