जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में शुक्रवार आठ हजार 854 लोगों की जांच की गई। इसमें दो संक्रमित मरीज मिले। ये मरीज पटमदा व सिदगोड़ा निवासी हैं। जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हजार 851 हो गई है। वहीं, 1057 मरीजों की मौत हो चुकी हैं।

पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न जिलों से शुक्रवार को आठ हजार 50 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। रिपोर्ट रविवार तक आने की उम्मीद है। जिले में अभी तक कुल 14 लाख 83 हजार 772 लोगों की जांच हो चुकी है।

दो मरीज स्वस्थ हुए

शहर के विभिन्न कोविड अस्पतालों में भर्ती कुल दो मरीज शुक्रवार को स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अभी तक कुल 50 हजार 775 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 97.93 प्रतिशत हो गई है।

ली वैक्सीन की पहली डोज

पूर्वी सिंहभूम जिले में शुक्रवार को 12 हजार तीन लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली। वहीं, तीन हजार 515 लोगों ने दूसरी डोज ली। जिले में अभी तक कुल आठ लाख 97 हजार 64 लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज ली है। जबकि तीन लाख 24 हजार 64 लोगों ने दूसरी डोज ली है।

वैक्सीनेशन की समीक्षा बैठक

वैक्सीनेशन कोषांग के वरीय प्रभारी सह अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम संदीप कुमार मीणा की अध्यक्षता में शुक्रवार को वैक्सीनेशन कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की गई। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि राज्य से लगभग 1 लाख 20 हजार वैक्सीन डोज की आपूर्ति की गई है। अगले तीन दिनों तक सभी प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक टीकाकरण अभियान चलाते हुए शत प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करना है। उन्होंने कहा कि जिले में सफलतापूर्वक संचालित टीकाकरण अभियान को देखते हुए राज्य से तीन दिनों बाद भी काफी मात्रा में वैक्सीन की आपूर्ति होनी है। ऐसे में वर्तमान में प्राप्त डोज को अगले दिनों में खत्म करें। सभी प्रखंड व नगर निकाय के लिए प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित किया गया। साथ ही टीकाकरण के लक्ष्य प्राप्ति को लेकर सभी प्रखंड व नगर निकाय में उपलब्ध मानव संसाधन, एएनएम, कंप्यूटर ऑपरेटर की विस्तार से समीक्षा की गई। इस अवसर पर वैक्सीनेशन कोषांग के नोडल सह डीएसओ राजीव रंजन, डीआरसीएचओ, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर निकाय पदाधिकारी, इंसिडेंट कमांडर, एमओआईसी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Posted By: Inextlive