कुल पॉजिटिव - 100224

एक्टिव - 5474

रिकवर - 93874

मौत - 876

------------------

- देश के 18 राज्यों में झारखंड से अधिक कोरोना के कुल मामले

- एक दिन में 93 हजार से ज्यादा मरीजों ने दी कोरोना को मात

- 318 नए संक्रमित मिले, 506 मरीज हुए स्वस्थ, 4 की हुई मौत

झारखंड में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख पार कर गया है। इस तरह अब झारखंड कोरोना के एक लाख से अधिक मामलों वाला 19वां राज्य हो गया है। देश के 18 राज्यों में झारखंड से अधिक कोरोना के मामले हैं। राहत की बात यह है कि इनमें से लगभग 94 फीसद मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। यहां कोरोना से होनेवाली मौत की दर भी काफी कम है। झारखंड में कोरोना के पहले 25 हजार मामले आने में चार माह 17 दिन लगे थे, लेकिन बाद में संक्रमण बढ़ने से दूसरे व तीसरे 25 हजार मामले क्रमश: 18 और 17 दिन में सामने आ गए। यह अवधि अगस्त और सितंबर माह की थी, जब झारखंड में कोरोना का संक्रमण चरम पर था। तब प्रतिदिन एक हजार से अधिक मामले सामने आ रहे थे। इसके बाद संक्रमण कम होने लगा। इससे अगले 25 हजार मामले आने में 34 दिन लग गए। बता दें कि झारखंड में कोरोना का पहला मामला 31 मार्च को आया था। इस तरह राज्य में कोरोना के एक लाख मामले आने में 6 माह 26 दिन लग गए।

14 राज्यों में एक फीसदी से कम डेथ रेट

4 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना से होनेवाली मृत्यु की दर एक फीसदी से कम है, जिनमें झारखंड भी शामिल है। झारखंड में यह दर 0.87 फीसदी है। अन्य राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों में मिजोरम, दमन एवं दीव, अरुणाचल प्रदेश, केरल, नागालैंड, असम, ओडिशा, बिहार, तेलंगाना, मणिपुर, आंध्रप्रदेश, मेघालय तथा राजस्थान शामिल हैं।

इन राज्यों में एक लाख से अधिक मामले

0 लाख से अधिक : महाराष्ट्र

5-10 लाख के बीच : आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु

2-5 लाख के बीच : उत्तर प्रदेश, केरल, दिल्ली, बंगाल, ओडिशा, तेलंगाना, बिहार तथा असम

1-2 लाख के बीच : राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, पंजाब तथा झारखंड

झारखंड में कोरोना के कब कितने मामले

25 हजार मामले - तिथि - कितने दिनों में

पहला 25 हजार 18 अगस्त 139 दिन

दूसरा 25 हजार 6 सितंबर 18 दिन

तीसरा 25 हजार 23 सितंबर 17 दिन

चौथा 25 हजार 27 अक्टूबर 34 दिन

24 घंटे में 318 संक्रमित

स्वास्थ्य विभाग द्वारा मंगलवार की रात जारी रिपोर्ट के अनुसार 318 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई, जिसमें रांची से 127, बोकारो से 28, देवघर से 18, धनबाद से 17, दुमका से 1, पूर्वी सिंहभूम से 43, गोड्डा से 6, गिरीडीह से 2, गुमला से 9, जामताड़ा से 3, कोडरमा से 4, लातेहार से 4, लोहरदगा से 3, पाकुड़ से 21, पलामू से 6, रामगढ़ से 8, साहिबगंज से 1, सरायकेला से 2, सिमडेगा से 1, पश्चिमी सिंहभूम से 13 मामले सामने आए। इस तरह अब तक राज्य में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या 100224 हो गई है। हालांकि, 93874 ठीक हो चुके हैं और 876 की मौत हो चुकी है, जिससे अब राज्य में कुल 5474 एक्टिव केसेज बचे हैं।

कोरोना से चार की मौत

मंगलवार को कोराना से राज्य भर में चार लोगों की मौत हुई। बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर और रांची में एक-एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है। रांची में अब तक 172 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। वहीं जमशेदपुर में 333 और धनबाद में 81 मरीजों ने दम तोड़ा है।

Posted By: Inextlive