रांची: महंगाई का ग्राफ काफी स्पीड से आगे बढ़ रहा है। बीते छह महीने में बढ़ी मंहगाई ने किचन की सूरत बिगाड़ दी है। खासकर घर की महिलाओं को इससे काफी परेशानी हो रही है। महिलाओं के जिम्मे ही घर का किचन डिपार्टमेंट होता है, जिस वजह से किचन में घटने वाले सामान पूरा करने में इनकी भूमिका अहम होती है। बढ़ रही महंगाई के कारण अब किचन के खर्चे को कंट्रोल करने की नौबत आ गई है। सोच-समझ कर ही सामान की लिस्ट तैयार करनी पड़ रही है। गैस सिलेंडर से लेकर रिफाइन ऑयल, मस्टर्ड ऑयल, दाल, दूध आदि सभी सामानों में 20 से 40 परसेंट की बढ़ोतरी हो चुकी है। घरेलू एलपीजी में फिर से दाम की बढ़ोतरी हुई है। बीते छह महीने में घरेलू गैस में दो सौ रुपए से ज्यादा की बढ़ोतरी हो चुकी है। वहीं गैस में मिलने वाली सब्सिडी भी घटा दी गई है। डीजे आईनेक्स्ट की टीम ने सिटी के कुछ घरों में जाकर महंगाई से पड़ने वाले फर्क का जायजा लिया। पेश है सिटी के किचन से लाइव स्टोरी :

कम हो गई फेवरिट डिश की कूकिंग

स्पॉट: कोकर

टाइम: 12:10 बजे दोपहर

दोपहर के 12:10 बज रहे हैं। कोकर की रहने वाली प्रियंका जिया अपने किचन में हैं। कहती हैं कि मुझे कुकिंग काफी पसंद है। लेकिन महंगाई की वजह से डिफरेंट रेसिपीज नहीं पका पा रही हूं। गैस पर दाल पकाती हुई प्रियंका कहती हैं कि महंगाई काफी ज्यादा बढ़ी है, और लगातार बढ़ती ही जा रही है। इस कारण काफी सोच-समझ कर खर्च करना पड़ रहा है। खास कर घरेलू महिलाओं को बहुत फर्क पड़ा है। पहले जो 50 रुपए में मिलता था, अब उसके लिए 70 से 80 रुपए तक पे करने पड़ रहे हैं। पहले अच्छी क्वांटिटी में खाना बनता था। अब संभाल कर बनाना पड़ रहा है।

प्याज निकाल रहा आंसू

स्पॉट: बरियातू रानी बगान

टाइम: 1:00 बजे दोपहर

दोपहर के एक बज रहे हैं। बरियातू के रानी बगान की ही रहने वाले स्मिता सिंह फैमिली के लिए सब्जी पका रही हैं। बकौल स्मिता महंगाई ने काफी परेशान कर रखा है। पेट्रोल-डीजल के बाद एलपीजी और मस्टर्ड ऑयल के दाम में भी वृद्धि हो गई है। रोज सोचते हैं कि अब दाम कम होगा लेकिन उल्टे महंगाई बढ़ती ही जा रही है। यहां तक की प्याज के भी दाम में कोई गिरावट नहीं आ रही है। जबकि इनकम में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।

किचन का गड़बड़ा गया बजट

स्पॉट: नामकुम

टाइम: 1:15 बजे दोपहर

दोपहर 1 बजे रहे हैं और नामकुम में इस वक्त सोनी कश्यप अपने किचन में आमलेट बना रही हैं। बकौल सोनी महंगाई काफी बढ़ने से किचन का बजट पूरी तरह से गड़बड़ा गया है। एलपीजी गैस अचानक 50 रुपए महंगा हो गया। इसके अलावा अनाज, तेल, फल और सब्जियों के भी दाम बढ़ गए हैं। इस वजह से क्या बनाएं क्या नहीं, इसके लिए काफी सोचना पड़ रहा है। हर दिन खाना बनाने से पहले मंहगाई पर डिस्कशन हो रहा है।

जून 2020 के मुकाबले फरवरी 2021 में 20 से 40 परसेंट बढ़ी महंगाई

जून 2020

एलपीजी सिलेंडर 577

रिफाइन ऑयल 105

मस्टर्ड ऑयल 120

काबुली चना 85 रुपए

मूंगफली 95 रुपए

अरहर दाल 85 रुपए

मसूर दाल 66 रुपए

चना दाल 60 रुपए

खुला आटा 25 रुपए केजी

दूध 44 रुपए लीटर

चना 60 रुपए

प्याज 50 रुपए(दिसंबर)

घी 490 रुपए केजी

फरवरी 2021

एलपीजी सिलेंडर 769

रिफाइन ऑयल 125 रुपए

मस्टर्ड आयॅल 150 रुपए

काबुली चना 100 रुपए

मुंगफली 130 रुपए

अरहर दाल 120 रुपए

मसूर दाल 75 रुपए

चना दाल 70 रुपए

खुला आटा 30 रुपए

दूध 47 रुपए

चना 70 रुपए

प्याज 60 रुपए

घी 500 रुपए

घरेलू गैस के इसी माह बढ़ गए 75 रुपए

पेट्रोल-डीजल के दामों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पेट्रोल और डीजल में बढ़ोतरी होने से ट्रांसपोर्टेशन चार्ज भी बढ़ गया है। इसका असर अन्य खाद्य सामानों में देखा जा रहा है। वहीं घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर में 50 रुपए तक महंगा हो चुका है। नए रेट लागू होने के बाद अब 14.2 किलो वाले गैस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 769 रुपए प्रति सिलेंडर हो गया है। इस महीने यानी फरवरी में अब तक रसोई गैस 75 रुपए महंगी हो चुकी है। रविवार की रात को एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपए का उछाल आया। इससे पहले घरेलू गैस में 4 फरवरी को 25 रुपए की बढ़ोतरी हुई थी।

Posted By: Inextlive