उत्तर प्रदेश में लखनऊ के हजरतगंज इलाके के लिवाना होटल में सोमवार को भीषण आग लगने से 2 लोगों की मौत हो गई और 10 घायल हो गए। यह जानकारी सीएमओ मनोज अग्रवाल ने दी।


लखनऊ (एएनआई)। लखनऊ के लिवाना होटल में आग लगने से 2 लोगों की मौत हो गई है। इस दुर्घटना में 10 लोग घायल हो गए हैं। यह जानकारी देते हुए लखनऊ के सीएमओ ने कहा कि आज सुबह एक होटल में आग लगने की घटना की सूचना मिली, जिसके बाद बचाव अभियान जारी है। आज सुबह हजरतगंज के लिवाना होटल में आग लगने की घटना हुई, जिसके बाद मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। अब तक 10 लोगों को बचाया जा चुका है। सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसमें से 2 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि, होटल लिवाना में बचाव और राहत कार्य जारी है क्योंकि कई लोगों के अभी भी फंसे होने की आशंका है।
योगी ने दिए इलाज के निर्देश
इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को घायलों को इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित इलाज कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जिलाधिकारी व वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। आग पर जल्द से जल्द काबू पाने के लिए होटल से सभी गैस सिलेंडर निकाले जा रहे हैं जबकि ज्वलनशील सामान भी मौके से हटाया जा रहा है। पुलिस और दमकलकर्मी लगातार बचाव कार्य में लगे हुए हैं।

लखनऊ के होटल में आग लगने की घटना में घायलों से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल में भेंट कर उनका कुशल-क्षेम जाना तथा उनके समुचित उपचार हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
मंडलायुक्त और पुलिस कमिश्नर, लखनऊ को घटना के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं। pic.twitter.com/PxaP5u22s8

— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) September 5, 2022
राजनाथ सिंह ने मामले को लिया संज्ञान में
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी घटना का संज्ञान लिया। राजनाथ सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा मुझे लखनऊ के एक होटल में आग लगने की दुखद घटना के बारे में पता चला। मैंने स्थानीय प्रशासन से स्थिति के बारे में जानकारी ली है। राहत और बचाव कार्य जारी है। मेरा कार्यालय स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है। मैं घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए भगवान से प्रार्थना करता हूं।

लखनऊ के एक होटल में आग लगने की दुखद घटना की मुझे जानकारी प्राप्त हुई। स्थानीय प्रशासन से मैंने स्थिति की जानकारी ली है।
राहत और बचाव कार्य जारी है। मेरा कार्यालय लगातार स्थानीय प्रशासन के सम्पर्क में है। मैं घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना करता हूँ।

— Rajnath Singh (@rajnathsingh) September 5, 2022
कारण का लगाया जा रहा पता
लखनऊ के डीएम सूर्यपाल गंगवार ने कहा कि हम आग का कारण पता लगाने की कोशिश कर रहें है। संभावना है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है। आग 30 कमरों में से 18 कमरों में फैल चुकी है, जिसमें 35-40 लोग वहां मौजूद थे। जो लोग फंस गए थे उन्हें निकाला गया है और उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है। डीजी फायर अविनाश चंद्र ने कहा कि कमरे धुएं से भरे हुए हैं जिससे अंदर जाना मुश्किल हो रहा है। खिड़की के शीशे और ग्रिल तोड़ने का काम चल रहा है। अब तक किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है, 2 लोगों को बचा लिया गया है, लेकिन 1-2 कमरों से कोई प्रतिक्रिया नहीं है। प्रयास कर रहे हैं उन कमरों में प्रवेश करने के लिए रास्ता बनाया जा रहा है।

Posted By: Kanpur Desk