मध्य प्रदेश पुलिस ने हाल ही में किसान दंपति पर कहर बरपाते हुए बेरहमी से उसकी पिटाई की है। इस मामले से नाराज राहुल गांधी ने भाजपा पर निशाना साधा है। वहीं बसपा प्रमुख मायावती बीजेपी पर भड़की हैं।

नई दिल्ली 16 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा एक दलित परिवार की पिटाई मामले में भारतीय जनता पार्टी चाैतरफा घिरती जा रही है। इस संबंध में पूर्व कांग्रेस प्रमुख राहुल गांधी ने भी गुरुवार को भाजपा को घेरा है। उन्होंने गुना घटना को लेकर किसान के साथ मध्य प्रदेश पुलिस की बर्बरता का वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा है कि हमारी लड़ाई इसी सोच और अन्याय के खिलाफ है। इतना ही इस मामले को लेकर राज्य में भी कांग्रेस पार्टी शिवराज सरकार का विरोध कर रही है।

हमारी लड़ाई इसी सोच और अन्याय के ख़िलाफ़ है। pic.twitter.com/egGjgY5Awm

— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) July 16, 2020


मायावती ने भी सरकार पर किया कटाक्ष
बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी भाजपा पर कटाक्ष किया कि एक तरफ भाजपा किसानों और दलितों को बसाने का ढिंढोरा पीटती है। दूसरी ओर उन्हें उजाड़ने का काम भी करती है। एमपी के गुना पुलिस और प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के नाम पर दलित परिवार को कर्ज लेकर तैयार की गई फसल को जेसीबी मशीन से बर्बाद कर देना और उस दंपति को आत्महत्या का प्रयास करने को मजबूर कर देना अति-क्रूर और शर्मनाक है। इस घटना की देशव्यापी निंदा स्वाभाविक है। सरकार सख्त कार्रवाई करे।

1. मध्यप्रदेश के गुना पुलिस व प्रशासन द्वारा अतिक्रमण के नाम पर दलित परिवार को कर्ज लेकर तैयार की गई फसल को जेसीबी मशीन से बबार्द करके उस दम्पत्ति को आत्महत्या का प्रयास करने को मजबूर कर देना अति-क्रूर व अति-शर्मनाक। इस घटना की देशव्यापी निन्दा स्वाभाविक। सरकार सख्त कार्रवाई करे।

— Mayawati (@Mayawati) July 16, 2020
पुलिस ने दंपति को बर्बरता के साथ पीटा
यह घटना दो दिन पुरानी है। गुना जिले में जब स्थानीय प्रशासन ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण हटाने की कोशिश की तो किसान ने कहा कि कर्ज लेकर फसल बोई है, कटाई के बाद वह खाली कर देगा लेकिन प्रशासन ने एक नहीं सुनी और फसलों पर बुलडोजर चला दिया। इस दाैरान किसान दंपति ने पुलिस के सामने कीटनाशक पी लिया। दंपति को उनके बच्चों के सामने पुलिस ने भी पीटा। घटना के बाद राज्य में शिवराज सिंह चौहान सरकार ने जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को हटा दिया है।

Posted By: Shweta Mishra