RANCHI: गवर्नर द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि ट्रेडिशनल फूड से दूरी व फास्ट फूड से नजदीकी लोगों की सेहत बिगाड़ रही है। आज भी लोगों में यह भ्रम है कि महंगे खाद्य पदार्थ में ही पोषक तत्व होते हैं, सस्ते में नहीं। इसके लिए लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। इसमें समाज के सभी वर्ग के लोगों को आगे आना होगा। झारखंड निर्माण में सबकी भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। गवर्नर शनिवार को आर्यभट्ट सभागार में स्वास्थ्य, पोषण व स्वच्छता पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित कर रही थीं। इसका आयोजन झारखण्ड आईएएस ऑफिसर्स वाईव्स एसोसिएशन की ओर से किया गया था।

साग-सब्जी में प्रचुर प्रोटीन

राज्यपाल ने कहा कि झारखण्ड राय प्राकृतिक संसाधनों से परिपूर्ण राज्य है। यहां स्थानीय स्तर पर पौष्टिक साग-सब्जियां भी प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं। इन सबके उपयोग के बारे में अधिकतर लोगों को जानकारी तो है, किन्तु यह हमारे दैनिक आहार का हिस्सा नहीं बन पा रहे हैं। इसके लिए जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले आंगनबाड़ी कर्मियों के अलावा, महिला स्वयं सहायता समूह, पंचायतों के प्रतिनिधिगण आदि को महत्वपूर्ण योगदान देना होगा। साथ ही आंगनबाड़ी कर्मियों को नई स्वास्थ्य तकनीकी सुविधाओं की भी जानकारी होनी चाहिए।

मातृत्व व शिशु मृत्य दर चुनौती

मौके पर प्रधान सचिव, कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग तथा एसोसिएशन की उपाध्यक्षा निधि खरे ने कहा कि सरकार के विभिन्न प्रयासों के बावजूद मातृत्व एवं शिशु मृत्यु दर में अपेक्षित कमी नहीं होना चिंता का विषय है। एसोसिएशन की अध्यक्षा नीलम पाण्डेय ने पिछले एक वर्ष में किये गए कुछ सामाजिक कायरें से राज्यपाल को अवगत कराया। मौके पर एसोसिएशन की उपाध्यक्षा नंदनी जाजोरिया सहित अन्य सदस्यगण एवं सीडीपीओ, आंगनबाड़ी सेविका, सहायिकाएं भी मौजूद थीं।

-----

Posted By: Inextlive